झालावाड़। राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों और तस्करी के खिलाफ पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झालावाड़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के सारोला कलां थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाल बिछाकर एक लग्जरी होंडा सिटी कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के नेटवर्क को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने न केवल तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जप्त किया है, बल्कि तेलंगाना निवासी दो शातिर तस्करों को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

घटनाक्रम के अनुसार, झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के कड़े निर्देशों पर अवैध शराब और हथियारों की धरपकड़ के लिए जिले भर में नाकाबंदी की जा रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द मीणा के निर्देशन और वृत्ताधिकारी खानपुर गरिमा जिन्दल के निकटतम सुपरविजन में सारोला कलां थानाधिकारी बुद्धराम चौधरी के नेतृत्व में टीम पूरी तरह सतर्क थी। शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को थाने के ठीक सामने सघन नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध होंडा सिटी कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL 4C AU 4150) को रुकवाया गया। जब पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली, तो अधिकारियों की आंखें फटी रह गईं। कार के भीतर बड़ी चतुराई से छुपाए गए 12 कार्टून बरामद हुए, जिनमें कुल 140 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। जप्त की गई शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस ने मौके से ही तस्करी के आरोप में प्रवीण कुमार मल्याला पुत्र सवैया, निवासी एल्लाराम, लक्सेटीपेट, जिला मंचिरियाल (तेलंगाना) और किशोर कुमार ताटीपेली पुत्र रमेशबाबु, निवासी खैराताबाद (तेलंगाना) को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली विशेष टीम में थानाधिकारी बुद्धराम चौधरी के साथ हेड कांस्टेबल सीताराम, कांस्टेबल अजय और कांस्टेबल दीपराज शामिल रहे। विशेष रूप से कांस्टेबल अजय ने आसूचना अधिकारी के तौर पर सटीक सूचनाएं जुटाने में अहम भूमिका निभाई, वहीं कांस्टेबल दीपराज की सक्रियता भी सराहनीय रही। पुलिस ने शराब और वाहन को जप्त कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और अब इस बात की तहकीकात की जा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाया जाना था। यह कार्यवाही क्षेत्र में सक्रिय तस्करों के लिए एक सख्त चेतावनी साबित हुई है।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story