खानपुर विधायक सुरेश गुर्जर ने विधानसभा में की ट्रोमा सेंटर की मांग
विधायक सुरेश गुर्जर ने बजट सत्र में खानपुर में उप-जिला अस्पताल व ट्रोमा सेंटर और बकानी में सेटेलाइट अस्पताल की स्थापना के लिए विशेष उल्लेख प्रस्ताव रखा।
आज राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान खानपुर विधायक श्री सुरेश गुर्जर ने नियम 295 के तहत विशेष उल्लेख प्रस्ताव के माध्यम से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार को घेरा।
खानपुर: उप-जिला चिकित्सालय व ट्रोमा सेंटर की आवश्यकता
विधायक गुर्जर ने खानपुर में उप-जिला चिकित्सालय व ट्रोमा सेंटर और बकानी में सेटेलाइट अस्पताल की स्थापना को क्षेत्र की जीवनरेखा बताते हुए आगामी बजट में इन्हें शामिल करने की पुरजोर मांग की। सदन में सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हुए उन्होंने कहा:
"खानपुर विधानसभा क्षेत्र दो प्रमुख मेगा हाईवे (बारां-झालावाड़ और दरा-अरनिया) के संगम पर स्थित है। यहाँ लगातार होने वाली गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के समय ट्रोमा सेंटर न होने से घायलों को कोटा या झालावाड़ रेफर करना पड़ता है। अस्पताल की दूरी के कारण गोल्डन ऑवर में इलाज न मिलने से कई मासूम अपनी जान गंवा बैठते हैं।"
विधायक ने स्पष्ट किया कि खानपुर में इस अस्पताल के लिए भूमिका आवंटन पहले ही किया जा चुका है, अब केवल सरकार की वित्तीय स्वीकृति और इच्छाशक्ति की दरकार है।
बकानी की भौगोलिक स्थिति का हवाला
विधायक ने बकानी क्षेत्र का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की सीमा से सटे होने के कारण यहाँ के निवासियों को बेहतर इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ता है।
- बकानी में सेटेलाइट अस्पताल की स्थापना से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।
- इससे स्वास्थ्य सेवाओं का भार जिला मुख्यालय से भी कम होगा।
बजट 2026-27 से उम्मीदें
सदन के माध्यम से विधायक सुरेश गुर्जर ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मांग की है कि:
"जनहित के इस अत्यंत संवेदनशील विषय को गंभीरता से लेते हुए आगामी बजट 2026-27 में इन घोषणाओं को प्राथमिकता दी जाए।"
ताकि खानपुर और बकानी की जनता को समय पर और आधुनिक इलाज मिल सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
