झालरापाटन में लोकेश मंत्री के परिजनों ने किया 18वां नेत्रदान
मंत्री परिवार के सहयोग से संपन्न हुआ शहर का 18वां नेत्रदान, शाइन इंडिया फाउंडेशन ने कॉर्निया प्राप्ति की प्रक्रिया पूरी की।

झालरापाटन के पिपली बाजार निवासी लोकेश मंत्री के आकस्मिक निधन के बाद उनके भाइयों ने शाइन इंडिया फाउंडेशन के माध्यम से नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी करवाई।
झालरापाटन में मानवीय संवेदनाओं और जागरूकता का एक और उदाहरण सामने आया है, जहां भाइयों की सहमति से शहर का 18वां नेत्रदान संपन्न हुआ। शनिवार को पिपली बाजार, मेन मार्केट, घी वाली गली, झालरापाटन निवासी हरीश मंत्री के भाई लोकेश मंत्री का मेडिकल कॉलेज कोटा में आकस्मिक निधन हो गया। मंत्री परिवार लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यों में अग्रणी रहा है।
झालरापाटन में लगातार हो रहे नेत्रदान की खबरों से प्रेरित होकर तीनों भाई हरीश मंत्री, अंकित मंत्री और पुनीत माहेश्वरी ने अपने दिवंगत भाई के नेत्रदान का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने संस्था शाइन इंडिया फाउंडेशन के ज्योति मित्र भुवनेश गुप्ता से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाई, जिसके तहत नेत्रदान का पुलिस कार्य भी विधिवत संपन्न किया गया।
ईबीएसआर-बीबीजे चैप्टर के कोऑर्डिनेटर डॉ० कुलवंत गौड़ ने बताया कि अल्प समय में झालरापाटन से यह 18वां नेत्रदान प्राप्त होना इस बात का संकेत है कि शहर में नेत्रदान के प्रति जागरूकता का स्तर तेजी से बढ़ रहा है।
इस दौरान झालरापाटन शाखा के ज्योति मित्र एवं मंजू श्री संस्थान के संस्थापक अजय मोमिया ने विशेष रूप से बताया कि तेज गर्मियों के दौरान नेत्रदान जितना शीघ्र किया जाए, कॉर्निया की गुणवत्ता उतनी ही बेहतर रहने की संभावना होती है। उन्होंने अपील की कि मृत्यु के उपरांत 6 घंटे के भीतर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाना चाहिए।
यह नेत्रदान न केवल एक परिवार के साहस और संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि समाज में बढ़ती जागरूकता और मानवता के प्रति समर्पण का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
