झालरापाटन में जनसमस्याओं पर कांग्रेस का अनोखा विरोध, अधिकारियों की जगह सफाई कर्मचारी को सौंपा ज्ञापन
झालरापाटन में कांग्रेस ने लंबित जनसमस्याओं को लेकर अनोखा विरोध करते हुए अधिकारियों की जगह सफाई कर्मचारी को सांकेतिक ज्ञापन सौंपा। धरना-प्रदर्शन में प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए।

तस्वीर में झालरापाटन में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी एक कार्यालय के भीतर बैनर के सामने खड़े होकर एक कर्मचारी को ज्ञापन सौंपते हुए दिखाई दे रहे हैं।
झालरापाटन में शहर की लंबित जनसमस्याओं को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस कमेटी झालरापाटन के अध्यक्ष अंबेश मीणा के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिम्मेदार अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने पर प्रतीकात्मक रूप से एक सफाई कर्मचारी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जब अधिकारी जनता की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने नहीं आ रहे हैं, तब आप ही इसे जनता के काम करवाने का सांकेतिक ज्ञापन मानकर स्वीकार करें। इस अनोखे विरोध ने उपस्थित लोगों और जनमानस का ध्यान आकर्षित किया।
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर की सफाई व्यवस्था, आवारा सांडों, आवारा श्वानों, विकास कार्यों, पट्टों तथा जन सेवा शिविरों की अव्यवस्थाओं को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी नाराजगी के चलते कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के प्रति अपना रोष व्यक्त किया।
धरने को संबोधित करते हुए नगर कांग्रेस अध्यक्ष अंबेश मीणा ने कहा कि झालरापाटन की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं और नगर पालिका आमजन की समस्याओं के प्रति उदासीन बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रप्रकाश लाला राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस बोर्ड के समय समाप्त किए गए कचरा पॉइंट दोबारा विकसित हो रहे हैं और वार्डों के छोटे-छोटे विकास एवं मरम्मत कार्य भी लंबे समय से लंबित हैं, जिससे जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आवारा सांडों और आवारा श्वानों की समस्या लगातार विकराल होती जा रही है। कई ज्ञापनों के बावजूद प्रशासन की निष्क्रियता के कारण आमजन, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग, स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष वर्षा शर्मा ने कहा कि जन सेवा शिविरों में अधिकारी उपस्थित नहीं रहते, जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाते और कार्यों की मॉनिटरिंग भी नहीं होती, जिससे आमजन, विशेषकर महिलाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
प्रदेश सचिव सोशल मीडिया विभाग राजस्थान एवं निवर्तमान पार्षद मोहम्मद कासिम भट्टी ने कहा कि जन सेवा शिविर जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति और पट्टों के कार्य नहीं होने के कारण लोग बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। राहत देने के उद्देश्य से लगाए गए शिविर अब केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं।
पार्षद रिजवान अहमद ने कहा कि नगर पालिका को जवाबदेही के साथ कार्य करना चाहिए और शहर की मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
धरने के दौरान पट्टों से वंचित शंभू दयाल, शंभू दयाल राठौर, चंदू शर्मा एवं कालू राठौड़ ने भी प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि कई महीनों से उनके पट्टों का कार्य लंबित है और उन्हें लगातार निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
धरना-प्रदर्शन में नगर कांग्रेस अध्यक्ष अंबेश मीणा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष वर्षा शर्मा, पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रप्रकाश लाल राठौड़, मधुसूदन शर्मा, विजय राठौड़, पार्षद रिजवान अहमद, नवीन मेघवाल, मोहम्मद कासिम भट्टी, बालचंद रावल, नरेंद्र राठौड़ 'प्रिंस', घनश्याम गुप्ता, मोहित सैनी, विक्की शर्मा, भाया जोशी, पदम सैन, इस्माइल अंसारी, राजेश पटना, संजय ताइवान, इरफान अली, रिहाना बोहरा, सुशीला जैन, अजय पुष्पद, दीपक रेगर, लालचंद रेगर, रोहित प्रजापति, दीपक मीणा, सुरेश भील, दिनेश गुर्जर, गोलू नामदेव, मनीष खींची, महावीर बैरवा, सुरेश राठौर (सेवादल), अनीस, जहीर अंसारी, रईसुल्लाह, पंकज शर्मा, नितिन सेठी, विजय तुषार, पप्पू पुष्पद, बृजमोहन कारपेंटर, फखरुद्दीन बोहरा, शब्बीर भाई दवा वाला, विक्की वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शहरवासी मौजूद रहे। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने शहर की लंबित जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग दोहराते हुए प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
