राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की झालावाड़ चौकी ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ग्राम विकास अधिकारी को हजारों रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय के निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई ने प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।

मामले के अनुसार, झालावाड़ जिले की पंचायत समिति खानपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत मऊ बोरदा में तैनात ग्राम विकास अधिकारी श्रीमती रजनी मीणा को परिवादिया से 10,400 रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। भ्रष्टाचार की यह कहानी तब शुरू हुई जब महूमहल खीची दरबार सेवा समिति की एक चयनित सदस्य ने 10 अप्रैल 2026 को एसीबी चौकी झालावाड़ में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, संस्था द्वारा 16 फरवरी 2026 को धानोद खुर्द पंचायत बोरदा मऊ में 26-27 जोड़ों का एक सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया था, जिसका संपूर्ण व्यय जनसहयोग और संस्था द्वारा वहन किया गया था और इसमें कोई सरकारी सहायता नहीं ली गई थी।

विवाह संपन्न होने के उपरांत विधिक प्रक्रिया के तहत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जब परिवादिया ग्राम विकास अधिकारी रजनी मीणा के पास पहुंची, तो आरोपिया ने प्रत्येक प्रमाण पत्र के बदले 500 रुपये की मांग की। रजनी मीणा ने तर्क दिया कि संस्था सामूहिक विवाह से स्वयं लाभ कमाती है, इसलिए कुल 13,500 रुपये देने पर ही प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसीबी ने 10 अप्रैल को गोपनीय सत्यापन करवाया, जिसमें सौदा तय हुआ। आरोपिया ने रियायत देते हुए 500 के स्थान पर 400 रुपये प्रति जोड़ा के हिसाब से 26 जोड़ों के प्रमाण पत्र हेतु कुल 10,400 रुपये की मांग की और परिवादिया को बुधवार, 15 अप्रैल 2026 को रिश्वत की राशि व दस्तावेज लेकर कार्यालय बुलाया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस श्री ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में जाल बिछाया गया। जैसे ही परिवादिया ने तय राशि रजनी मीणा को सौंपी, डॉ. प्रेरणा शेखावत की टीम ने दबिश देकर आरोपिया को रंगे हाथों धर दबोचा। फिलहाल एसीबी द्वारा आरोपिया से पूछताछ और उसके आवास की तलाशी की जा रही है। ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है, जो सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध एक सख्त संदेश है।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story