झालावाड़, 3 अगस्त। जिले में वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आईपीएल क्रिकेट सट्टे के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे टॉप-10 इनामी हिस्ट्रीशीटर आरिफ हुसैन उर्फ पप्पू घोसी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पुलिस की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा एवं वृत्ताधिकारी इकरार सिंह खटड़ के निकट पर्यवेक्षण तथा कोतवाली थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी सूचनाओं और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरिफ हुसैन उर्फ पप्पू घोसी आईपीएल क्रिकेट सट्टे के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और जिले की मोस्ट वांटेड टॉप-10 सूची में शामिल था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी आरिफ हुसैन उर्फ पप्पू घोसी के विरुद्ध मारपीट, चोरी तथा जुआ-सट्टे सहित कुल 17 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।

उल्लेखनीय है कि आईपीएल क्रिकेट सट्टे के इस प्रकरण में अब तक 3 हिस्ट्रीशीटर सहित कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि अवैध सट्टेबाजी और संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story