झालावाड़ में थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए निःशुल्क एचएलए जांच शिविर 29 मई को
सामर्थ्य सेवा संस्थान और अग्रवाल समाज द्वारा आयोजित इस शिविर में कोटा और बारां क्षेत्र के मरीज भी करा सकेंगे जांच।

झालावाड़। सामर्थ्य सेवा संस्थान झालावाड़, अग्रवाल समाज एवं थैलीसीमिया पीड़ित अभिभावकों के संयुक्त तत्वाधान में शुक्रवार, 29 मई 2026 को थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए दूसरी बार निःशुल्क एचएलए (HLA) जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण शिविर प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक अग्रवाल सेवा सदन, झालावाड़ में संपन्न होगा।
सामर्थ्य सेवा संस्थान के अध्यक्ष पुखराज जैन ने जानकारी दी कि दिव्यांगता एवं मानवता के लिए समर्पित इस संस्थान, अग्रवाल समाज एवं थैलीसीमिया पीड़ित अभिभावकों की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित इस शिविर में थैलीसीमिया से पीड़ित बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों एवं भाई-बहनों की भी एचएलए जांच की जाएगी। शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए संस्थान के संरक्षक प्रेम चन्द सुमन ने बताया कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण के अंतर्गत थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को रक्त संबंधी विकार से राहत दिलाने के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।
संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ. हरिशंकर शर्मा ने स्पष्ट किया कि इस द्वितीय निःशुल्क जांच शिविर में झालावाड़, बाराँ और कोटा क्षेत्र के थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे एवं उनके अभिभावक शामिल होंगे, जिनके रक्त के नमूने एकत्रित किए जाएंगे। इस कार्य हेतु बाल आयुष फाउंडेशन, बेंगलुरु की विशेष टीम अपनी सेवाएं प्रदान करेगी और सभी जांचें पूर्णतः निःशुल्क होंगी।
संस्थान के संस्थापक डॉ. रामजी चन्द्रवाल ने संस्थान के कार्यों का विवरण देते हुए बताया कि सामर्थ्य सेवा संस्थान पिछले 10 वर्षों से दिव्यांगजन कल्याण हेतु निरंतर क्रियाशील है। संस्थान द्वारा रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने के साथ-साथ दिव्यांग बालक-बालिकाओं के शारीरिक, बौद्धिक, सामाजिक एवं शैक्षिक विकास तथा खेलकूद कौशल को निखारकर उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। संस्थान के राजकुमार बेरागी ने बताया कि इस शिविर के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह शिविर थैलीसीमिया एवं हीमोफिलिया से जूझ रहे बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध होगा। अधिक जानकारी के लिए डॉ. रामजी चंद्रवाल (9413892749) से संपर्क किया जा सकता है।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
