झालावाड़ जिले में लगातार बढ़ रही चोरी और डकैती की घटनाओं ने स्वर्णकार समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। जिला मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्थान, झालावाड़ ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, लूटी गई संपत्ति की बरामदगी और स्वर्णकार व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।

ज्ञापन में बताया गया कि 16-17 मई की रात्रि ग्राम सारोला कला, तहसील खानपुर निवासी स्वर्णकार व्यापारी महेश सोनी के घर हथियारबंद बदमाशों ने भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाश लगभग 140 किलोग्राम चांदी, 1 किलोग्राम सोने के आभूषण तथा करीब 10 लाख रुपये नकद सहित लगभग 5 करोड़ रुपये की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।

इसके अलावा पंच ग्राम आंवलदैड़ा, तहसील मनोहरथाना निवासी मुरारी सोनी के घर भी चोरी एवं डकैती की घटना होने का उल्लेख ज्ञापन में किया गया। लगातार हो रही इन वारदातों से जिलेभर के स्वर्णकार व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जिला मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्थान के जिलाध्यक्ष महेश कुमार सोनी ने कहा कि स्वर्णकार समाज मेहनतकश और शांतिप्रिय समाज है, लेकिन लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सात दिवस के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई संपत्ति बरामद की जाए।

समाज की ओर से ज्ञापन में डकैती प्रकरण का तत्काल खुलासा करने, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित करने, पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने, सर्राफा बाजारों में रात्रि गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा स्वर्णकार व्यापारियों के शस्त्र लाइसेंस आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने की मांग रखी गई।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुडानिया ने स्वर्णकार व्यापारियों से सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने घरों और प्रतिष्ठानों के अंदर एवं बाहर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं, जिससे वारदातों के खुलासे में सहायता मिल सके और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।

एसपी बुडानिया ने व्यापारियों को सलाह दी कि जब भी वे किसी से माल खरीदें तो विक्रेता का फोटो, आधार कार्ड की प्रति तथा लेनदेन का बिल एवं पूरा लेखा-जोखा कम से कम एक वर्ष तक सुरक्षित रखें। इससे पुलिस जांच में सहयोग मिलेगा और व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि झालावाड़ पुलिस जल्द ही डकैती की घटना का खुलासा करेगी और आरोपी कानून के शिकंजे में होंगे। उन्होंने व्यापारियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।

ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह तथा प्रदेशाध्यक्ष स्वर्णकार समाज राजस्थान को भी भेजी गई है। जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच स्वर्णकार समाज की यह चेतावनी प्रशासन के लिए कानून-व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story