झाला रानी शाखा के आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन, 250 छात्राओं ने सीखे सुरक्षा के अहम गुर
झालावाड़ में भारत विकास परिषद की झाला रानी शाखा के सात दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ, जहां 250 छात्राओं ने सुरक्षा और आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण कौशल सीखे।

झालावाड़ के सेंट जोसेफ्स स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाएं और शिक्षिकाएं आत्मरक्षा प्रशिक्षक सुश्री कृष्णा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित करती हुईं।
झालावाड़ शहर में भारत विकास परिषद की झाला रानी शाखा द्वारा 6 जुलाई 2026 से 11 जुलाई 2026 तक सेंट जोसेफ्स स्कूल में आयोजित सात दिवसीय "आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर" का सम्मान एवं समापन समारोह शनिवार, 11 जुलाई को आयोजित किया गया। शिविर में सुश्री कृष्णा जी ने 250 छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया और विभिन्न परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को खतरे की पहचान करना, आत्मविश्वास विकसित करना तथा आत्मरक्षा के विभिन्न कौशलों का अभ्यास कराया गया। सुश्री कृष्णा जी ने छोटे बच्चों के अपहरण की संभावित परिस्थितियों में स्वयं का बचाव करने के तरीके भी बताए। साथ ही उन्होंने यह भी सिखाया कि अपने से लंबे, अधिक ताकतवर अथवा हथियार लेकर आने वाले व्यक्ति का सामना करते समय अलग-अलग आत्मरक्षा तकनीकों को अपनाकर किस प्रकार स्वयं को सुरक्षित रखा जा सकता है। डॉ. रश्मि एवं सुश्री कृष्णा जी ने विभिन्न आत्मरक्षा कौशलों का प्रदर्शन दोहराया तथा छात्राओं को नियमित अभ्यास करते रहने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्षा श्रीमती अर्चना मालपानी ने छात्राओं को भारत विकास परिषद की झाला रानी शाखा की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को जीवन में मोटिवेशन और सकारात्मक सोच बनाए रखने की प्रेरणा देते हुए मोबाइल का स्क्रीन टाइम निर्धारित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल पर ऐसी सामग्री देखनी चाहिए जिससे उन्हें सही ज्ञान प्राप्त हो तथा मोबाइल का उपयोग यथासंभव कम करना चाहिए।
इस अवसर पर श्रीमती निर्मला सोमानी ने योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और उससे जुड़े कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला।
सेंट जोसेफ्स स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती कृतिका जी ने आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के आयोजन के लिए झाला रानी शाखा का आभार व्यक्त किया तथा सुश्री कृष्णा जी और शाखा का सम्मान किया। उन्होंने छात्राओं को गीता का उपदेश देते हुए कहा कि यदि हमला करने वाला व्यक्ति परिचित भी हो, तब भी अपने कर्तव्य को याद रखते हुए स्वयं की सुरक्षा के लिए उस पर हाथ उठाने में हिचकिचाना नहीं चाहिए।
समापन समारोह में झाला रानी शाखा की ओर से सुश्री कृष्णा का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्षा अर्चना मालपानी, सचिव श्रीमती चेतना अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती सुमन खंडेलवाल, श्रीमती निलेश जैन, श्रीमती अनीता शर्मा, श्रीमती स्नेहा खंडेलवाल, श्रीमती नम्रता गॉड, श्रीमती सूची कोठारी, श्रीमती रीना अग्रवाल, श्रीमती निर्मला सोमानी, श्रीमती रानी माहेश्वरी, श्रीमती ममता गुप्ता, श्रीमती मधु खरीददार अग्रवाल, श्रीमती नेहा मोदी, डॉ. रश्मि गुप्ता, श्रीमती रेनू गुप्ता, सुश्री कृष्णा, सेंट जोसेफ्स स्कूल की प्रिंसिपल एवं अध्यापिकाएं सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सात दिवसीय शिविर के समापन के साथ छात्राओं ने आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशल सीखकर सुरक्षा के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास का महत्वपूर्ण संदेश भी प्राप्त किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
