झालावाड़, 10 नवम्बर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को झालावाड़ देशभक्ति के रंग में रंग उठा, जब सैकड़ों लोगों ने हाथों में तिरंगा थामकर ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च — एक भारत, आत्मनिर्भर भारत’ में भाग लिया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य पदयात्रा का शुभारंभ श्रीमती विजया राजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल से हुआ, जिसे जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मार्च में जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक, पुलिस और पीटीएस जवान, स्काउट-गाइड सदस्य, शिक्षक और विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हजारों की संख्या में शामिल हुए। “भारत माता की जय” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारों से गूंजते यह कदम जब सुभाष सर्किल, बस स्टैंड, पंचमुखी बालाजी और मंगलपुरा से होते हुए गढ़ परिसर स्थित स्काउट गाइड कार्यालय पहुंचे, तो पूरा शहर एकता और देशभक्ति के स्वर में झूम उठा।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल का जीवन प्रशासनिक दृढ़ता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “सरदार पटेल का संदेश स्पष्ट है — नियमों में सरलता हो, लेकिन निर्णय में कठोरता। इसी संतुलन से हम किसी भी चुनौती को सफलता में बदल सकते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि नशा, साइबर अपराध और गौचर भूमियों पर अतिक्रमण जैसे सामाजिक अवरोधों को समाप्त करना ही देश की एकता को सशक्त बनाएगा।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने जिस कुशलता से देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोया, वह भारत की एकता का शाश्वत प्रतीक है। उन्होंने कहा, “आज़ादी से पहले अंग्रेजों ने ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति से देश को बांटने की कोशिश की, लेकिन सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और राजनीतिक समझ से उस फूट को मिटाकर भारत को अखंड बनाया। आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम उस एकता की रक्षा करें।”

इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। जिला युवा अधिकारी दिनेश जांगिड़ ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के “एम.वाई. भारत” अभियान के तहत जिलेवार यूनिटी मार्च आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, सामाजिक जिम्मेदारी और एकता की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि इस पहल की प्रेरणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनभागीदारी आधारित राष्ट्र निर्माण के विजन से ली गई है।

कार्यक्रम के अंत में जिला कलक्टर ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति और स्वदेशी अपनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन नरेन्द्र दुबे और पूनम रौतेला ने किया। इस अवसर पर उप वन संरक्षक सागर पंवार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा, जिला खेल अधिकारी डॉ. कृपाशंकर शर्मा, जनप्रतिनिधि चन्द्रमोहन धाभाई, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी पवन पाटीदार और अनेक विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित इस यूनिटी मार्च ने न केवल झालावाड़ में एकता की ज्योति जगाई, बल्कि यह संदेश भी दिया कि भारत की अखंडता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना आज भी उतनी ही जीवंत है जितनी लौह पुरुष के युग में थी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story