झालावाड़: पुलिस जवानों और मॉर्निंग वॉक ग्रुप ने स्मृति वन में चलाया स्वच्छता अभियान
पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के 600 जवानों और नागरिकों ने स्मृति वन परिसर में श्रमदान कर झाड़ियों की कटाई की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

झालावाड़ के स्मृति वन में रविवार को पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के कमांडेंट गोपीचंद मीणा के नेतृत्व में जवानों और मॉर्निंग वॉक ग्रुप के सदस्यों ने ट्रैक की सफाई कर स्वच्छता का संकल्प लिया।
पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए पुलिस ट्रेनिंग सेंटर झालावाड़ के लगभग 600 जवानों एवं मॉर्निंग वॉक ग्रुप झालरापाटन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार प्रातः स्मृति वन, नौलखा किला परिसर में व्यापक स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत वॉकिंग ट्रैक की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा जंगल क्षेत्र में स्वच्छता संबंधी कार्य किए गए।
अभियान के दौरान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर झालावाड़ के कमांडेंट गोपीचंद मीणा ने उपस्थित जवानों एवं नागरिकों को साइकिलिंग, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिलिंग से स्वास्थ्य बेहतर रहता है, ईंधन की बचत होती है तथा पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में सहायता मिलती है। उन्होंने स्वच्छ एवं हरित वातावरण को स्वस्थ समाज की आधारशिला बताते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शामिल जवानों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान करते हुए स्मृति वन परिसर की साफ-सफाई की तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मॉर्निंग वॉक ग्रुप के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वच्छता कार्यों में सहयोग किया।
अभियान में मॉर्निंग वॉक ग्रुप के सदस्य राजेंद्र राठौड़ (बना), डॉ. नेमीचंद वर्मा, डॉ. राजेश शर्मा, अंबेश मीणा, कौशल गौतम, बंटी कारपेंटर, मोहित सैनी, दुर्गालाल मेघवाल, प्रहलाद भील ठाकुर, गुंजन राठौड़ एवं हितेश चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्मृति वन क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाए रखने तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। मॉर्निंग वॉक ग्रुप ने भविष्य में भी ऐसे स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान निरंतर चलाने का निर्णय लिया। समापन अवसर पर ग्रुप के सदस्य राजेंद्र राठौड़ (बना) ने सभी जवानों, अधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
स्मृति वन में आयोजित यह अभियान केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश भी देकर गया।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
