झालावाड़ जिले के घाटोली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित संपत्ति को फ्रीज होने से बचाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में कार्रवाई करते हुए हेमंत सिंह उर्फ हेमराज को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने करीब 48 लाख रुपये की संपत्तियों को बचाने के लिए विभिन्न कृषि उपज मंडियों के फर्जी और कूटरचित फसल बिक्री बिल तैयार कर पेश किए थे।

पुलिस अधीक्षक झालावाड़ अमित कुमार भा.पु.से. ने बताया कि अवैध मादक पदार्थ तस्करों की आलीशान संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें फ्रीज करवाने के लिए झालावाड़ पुलिस लगातार रिकॉर्ड खंगालकर कानूनी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में घाटोली थाना क्षेत्र के कस्बा घाटोली निवासी हेमंत सिंह उर्फ हेमराज पुत्र प्रभूलाल तंवर, उम्र 33 वर्ष, निवासी बंजारी मोहल्ला घाटोली के खिलाफ उसकी अवैध संपत्तियों को फ्रीज करवाने के लिए धारा 68 एफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने अवैध तस्करी से अर्जित करीब 48 लाख रुपये की संपत्तियों को फ्रीज होने से बचाने के लिए विभिन्न कृषि उपज मंडियों में फसल बेचने के फर्जी कूटरचित बिक्री बिल तैयार कर पेश किए। संबंधित कृषि मंडियों से रिकॉर्ड प्राप्त करने पर बिक्री बिल फर्जी पाए गए। इस संबंध में गोपनीय सूचना भी प्राप्त हुई थी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआई सत्यनारायण शर्मा ने प्रार्थना पत्र पेश किया और आरोपी हेमंत सिंह उर्फ हेमराज तंवर के खिलाफ उचित धाराओं में थाना घाटोली पर प्रकरण दर्ज कराया। मामले का अनुसंधान थाना अधिकारी रामस्वरूप राठौर, पुलिस निरीक्षक थाना घाटोली, जिला झालावाड़ द्वारा किया जा रहा है।

आरोपी हेमंत सिंह उर्फ हेमराज को प्रकरण में गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने धारा 68 एफ एनडीपीएस एक्ट में अपनी संपत्तियों को फ्रीज होने से बचाने के लिए कृषि मंडी भवानीमंडी, झालरापाटन, कोटा, राजगढ़, मंदसौर (मध्यप्रदेश), नीमच (मध्यप्रदेश), राजगढ़ (मध्यप्रदेश) और जीरापुर (मध्यप्रदेश) कृषि मंडियों के फर्जी फसल बिक्री विक्रय पत्र तैयार कर सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक SAFEM (FOP) Act & NDPS Act, Delhi के समक्ष अपनी संपत्ति बचाने के लिए फर्जी बिल तैयार कर पेश किए थे। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के संबंध में अनुसंधान जारी है।

गिरफ्तार आरोपी हेमंत सिंह उर्फ हेमराज पुत्र प्रभूलाल तंवर, उम्र 33 वर्ष, बंजारी मोहल्ला घाटोली, थाना घाटोली, जिला झालावाड़ का निवासी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2013 में घाटोली थाने में धारा 354, 323, 452, 427, 504 आईपीसी के तहत प्रकरण संख्या 56/2013, वर्ष 2014 में 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत रेलवे कॉलोनी कोटा शहर थाने में प्रकरण संख्या 232/2014, वर्ष 2015 में धारा 143, 436 आईपीसी और धारा 3 एससी/एसटी एक्ट के तहत घाटोली थाने में प्रकरण संख्या 276/2015, वर्ष 2016 में धारा 341, 323, 427, 34 आईपीसी के तहत घाटोली थाने में प्रकरण संख्या 44/2016, वर्ष 2016 में धारा 279, 332, 353, 333 आईपीसी के तहत अकलेरा थाने में प्रकरण संख्या 344/2016, वर्ष 2017 में धारा 8/25, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत घाटोली थाने में प्रकरण संख्या 62/2017, वर्ष 2019 में धारा 336, 509, 354, 452 आईपीसी के तहत घाटोली थाने में प्रकरण संख्या 193/2019, वर्ष 2021 में धारा 8/21, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कोतवाली बारां थाने में प्रकरण संख्या 26/2021 और वर्ष 2025 में धारा 8/21, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत असनावर थाने में प्रकरण संख्या 176/2025 दर्ज है। वर्ष 2026 के प्रकरण संख्या 325/2026 में धारा 314(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस 2023 के तहत घाटोली थाना शामिल है, जिसकी जांच लंबित है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में घाटोली थाना अधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक रामस्वरूप, पुलिस अधीक्षक कार्यालय झालावाड़ के हेमंत कुमार एएसआई, पिकू मेरौठा हेड कांस्टेबल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय झालावाड़, हजरकरन कांस्टेबल 1397, आसूचना अधिकारी थाना घाटोली, रामनारायण कांस्टेबल 487 थाना घाटोली जिला झालावाड़ और मनोज कुमार कांस्टेबल 1310 थाना घाटोली जिला झालावाड़ शामिल रहे।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story