झालावाड़: नशे का जहर बेचने वाला मेडिकल संचालक गिरफ्तार, भारी मात्रा में कफ सिरप व गोलियां बरामद
झालावाड़ के झालरापाटन में मेडिकल की आड़ में नशा बेचने वाले संचालक पर पुलिस ने कसा शिकंजा। प्रतिबंधित कोडीन सिरप और अल्प्राजोलम गोलियों के साथ आरोपी समीर मंसूरी गिरफ्तार। जानिए कैसे पुलिस ने नशे के इस बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया।

झालरापाटन में पुलिस ने प्रतिबंधित दवाएं बेचने के आरोप में 'मैसर्स मंसूरी मेडिकल एंड जनरल स्टोर' के संचालक समीर मंसूरी को गिरफ्तार किया है।
झालावाड़ जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में झालरापाटन थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मेडिकल स्टोर के एक ऐसे संचालक को गिरफ्तार किया है, जो प्रतिबंधित दवाओं की आड़ में युवाओं को नशे का जहर परोस रहा था। आरोपी बिना बिल के कोडीन युक्त कफ सिरप और अल्प्राजोलम टैबलेट की अवैध बिक्री कर रहा था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 26 अप्रैल को औषधि नियंत्रण अधिकारी सुरेंद्र कुमार पारेता ने बस स्टैंड के पीछे स्थित 'मैसर्स मंसूरी मेडिकल एंड जनरल स्टोर' का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मेडिकल स्टोर का मालिक समीर मंसूरी एनडीपीएस (NDPS) श्रेणी में आने वाली दवाओं का व्यापार नियमों को ताक पर रखकर कर रहा था। पुलिस की छापेमारी में स्टोर से कोडिस्टार एनएफ कफ सिरप की 10 नग बोतलें, टॉसेक्स सिरप की 175 बोतलें और एंक्सिट 0.5 एमजी की 90 गोलियां जब्त की गईं। प्रयोगशाला जांच में इन दवाओं में कोडीन और अल्प्राजोलम जैसे नशीले घटकों की पुष्टि हुई है।
औषधि नियंत्रण अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन और सीओ हर्षराज सिंह खरेड़ा के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी हंसराज मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 21 जून को मुख्य आरोपी समीर मंसूरी, पुत्र मुबारिक हुसैन उर्फ भूरा, निवासी झालरापाटन को गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थानाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में नशे का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित संपर्कों की भी गहनता से जांच कर रही है।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
