झालावाड़ में जल जीवन मिशन के कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के साथ पूर्ण हो चुकी योजनाओं से वास्तविक जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)-फेज-2 की बैठक शनिवार, 19 सितम्बर को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित हुई।

बैठक में जिले में जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न पेयजल योजनाओं, कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन (एफएचटीसी), नल जल मित्र, जल गुणवत्ता और योजनाओं के रख-रखाव सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित, पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के साथ पूर्ण हो चुकी योजनाओं से वास्तविक रूप से जलापूर्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को एफएचटीसी के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कार्य की गति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।

जल जीवन मिशन के तहत घर-घर जल संबंधी स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने पाइपलाइन एवं नल कनेक्शन के कार्यों के साथ नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल नल कनेक्शन उपलब्ध करवाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक कनेक्शन पर निर्धारित मानकों के अनुरूप पेयजल उपलब्ध होना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने एफएचटीसी के निर्धारित लक्ष्यों और उनके विरुद्ध हुई प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा कम प्रगति वाले क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। एफएचटीसी के निर्धारित मासिक लक्ष्य के विरुद्ध हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने शेष कार्यों को गति देने और ग्राम पंचायतवार प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में गागरीन, छापी-झालावाड़ एवं छापी-विस्तार पेयजल योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को इन योजनाओं के शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक समन्वय रखते हुए लंबित कार्यों को चिन्हित कर उनके शीघ्र निस्तारण के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

हर घर जल प्रमाण-पत्र की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने पात्र ग्राम पंचायतों में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर प्रमाण-पत्र संबंधी कार्यवाही समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिले में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल गुणवत्ता की नियमित जांच पर भी जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने पेयजल स्रोतों एवं आपूर्ति किए जा रहे पानी की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही जल गुणवत्ता से संबंधित सभी जांच और प्रगति का पोर्टल पर समयबद्ध एवं सही डाटा इन्द्राज सुनिश्चित करने को कहा।

जिला कलक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाओं की सफलता केवल निर्माण कार्य पूर्ण होने से नहीं, बल्कि योजनाओं के सतत संचालन, नियमित जलापूर्ति, जल गुणवत्ता एवं सामुदायिक सहभागिता से सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग और नियमित फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सदस्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story