झालावाड़ जिले में किसानों की विभिन्न गंभीर समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों द्वारा जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ को मुख्यमंत्री भजन लाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर लगभग 1 घंटे तक विस्तृत चर्चा और वार्ता भी हुई।

फसल बीमा और मुआवजे में देरी से गहराया आर्थिक संकट

ज्ञापन में किसानों ने बताया कि "प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अब तक किसानों को लाभ प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।" इसके साथ ही कई वंचित किसानों को अभी तक फसल खराबी का मुआवजा भी नहीं मिल पाया है।

गेहूं खरीदी की स्लॉट प्रक्रिया का विरोध

किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए लागू की गई स्लॉट प्रक्रिया को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि "इस व्यवस्था के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।" उन्होंने इस प्रक्रिया को समाप्त कर सरल एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग की।

दूध उत्पादकों की मांग और डेयरी में अनियमितताएं

दूध उत्पादक किसानों की समस्याओं को उठाते हुए ज्ञापन में कहा गया कि "डेयरी संस्थाओं में हो रही अनियमितताओं को तुरंत रोका जाए। साथ ही किसानों की बकाया राशि शीघ्र दिलाई जाए एवं दूध की खरीद ₹10 प्रति फैट के हिसाब से सुनिश्चित की जाए, जिससे दूध उत्पादक किसानों को राहत मिल सके।"

कलेक्टर का आश्वासन और आंदोलन की चेतावनी

वार्ता के दौरान कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया। भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से मांग की कि किसानों की इन सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, अन्यथा किसानों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांत पशुपालन एवं डेयरी प्रमुख कृष्ण पाटीदार, संभाग उपाध्यक्ष धनसिंह गुर्जर, जिला अध्यक्ष राधेश्याम गुर्जर, जिला मंत्री कालूराम दांगी एवं जिला प्रचार प्रमुख महेश मेहर सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story