झालावाड़: साइबर फ्रॉड में संलिप्त म्युल खाता धारक आमिर खान गिरफ्तार
झालावाड़ की झालरापाटन थाना पुलिस ने 'म्युल हंटर' अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोचा, जिसके यस बैंक खाते के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 62 शिकायतें दर्ज हैं।

झालावाड़ जिले में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच पुलिस थाना झालरापाटन ने म्युल हंटर अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड में संलिप्त म्युल खाता धारक आमिर खान उर्फ शेरू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते के खिलाफ अलग-अलग राज्यों से कुल 62 शिकायतें दर्ज होना सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और साइबर धोखाधड़ी में उपयोग होने वाले बैंक खातों के खिलाफ कार्रवाई के उद्देश्य से विशेष अभियान “म्युल हंटर” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस थाना झालरापाटन ने विशेष टीम गठित कर साइबर अपराध में संलिप्त बैंक खाता धारक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार 26 मई 2026 को साइबर थाना झालावाड़ में कार्यरत एएसआई कैलाशचन्द को गोपनीय सूचना मिली थी कि मेसर्स आईजल एनटरप्राईजेज के नाम से संचालित खाते का प्रोपराइटर आमिर खान निवासी मंगलपुरा, झालावाड़ अपने बैंक खाते का उपयोग म्युल बैंक खाते के रूप में कर साइबर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा है। सूचना के बाद तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसमें सामने आया कि आमिर खान के यस बैंक खाते का उपयोग साइबर फ्रॉड में किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के उक्त बैंक खाते पर अलग-अलग राज्यों से कुल 62 शिकायतें दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आमिर खान के खिलाफ अपराध धारा 318(4), 316(2) बीएनएस 2023 तथा धारा 66 डी आईटी एक्ट के तहत साइबर थाना झालावाड़ में प्रकरण दर्ज किया गया। मामले का अनुसंधान थाना झालरापाटन द्वारा किया जा रहा है।
साइबर अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द मीणा के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत्त झालावाड़ हर्षराज सिंह खरेड़ा के सुपरविजन में थाना झालरापाटन के थानाधिकारी हंसराज मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर साइबर अपराध में संलिप्त बैंक खाता धारक की पहचान कर आमिर खान उर्फ शेरू निवासी मंगलपुरा, झालावाड़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से मामले में पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आमिर खान उर्फ शेरू पुत्र अय्यूब खान उम्र 33 वर्ष निवासी रामद्वारा गली, मंगलपुरा झालावाड़, थाना कोतवाली झालावाड़ जिला झालावाड़ के रूप में हुई है।
कार्रवाई में थाना झालरापाटन के थानाधिकारी हंसराज मीणा, हैड कांस्टेबल किशोर कुमार, कांस्टेबल मुकेश कुमार, दीपक और विजय सिंह शामिल रहे। साइबर थाना से एएसआई कैलाशचन्द तथा थाना कोतवाली झालावाड़ से थानाधिकारी मुकेश कुमार और उनकी टीम ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
झालावाड़ पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है। लगातार बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों के बीच म्युल खातों के खिलाफ की जा रही सख्त कार्रवाई से साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर प्रभावी चोट मानी जा रही है।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
