झालावाड़: गंगधार पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह के दो आरोपियों को पकड़ा
पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में पैन कार्ड, एटीएम और फर्जी दस्तावेज बरामद किए; भोले-भाले लोगों के नाम पर खुलवाते थे बैंक खाते।

झालावाड़ जिले की गंगधार थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपी आलोक जयसवाल (बाएं) और हरिशंकर तिवारी (दाएं); मेज पर बरामद किए गए फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण।
झालावाड़ जिले में साइबर अपराध, मनी लॉड्रिंग और ऑनलाइन ठगी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना गंगधार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, चैक बुक, खाली स्टाम्प सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार आईपीएस ने बताया कि अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से संगठित अपराध, साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और मनी लॉड्रिंग में लिप्त अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत यह सामने आया कि कुछ अपराधी ग्रामीण परिवेश के भोले-भाले लोगों को प्रलोभन देकर उनके पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बैंक बुक और खाली स्टाम्प जैसे निजी दस्तावेज लेकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते हैं और इन खातों का उपयोग साइबर अपराध, मनी लॉड्रिंग और ऑनलाइन ठगी में करते हैं।
अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री भागबंद मीणा के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत गंगधार श्री हेमन्त गौतम के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी गंगधार श्री अमरनाथ जोगी उपनिरीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 26 अप्रैल 2026 को गश्त के दौरान पीपाखंडी रोड मल्हारगंज स्थित मुकेश राठौर के मकान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलोक जयसवाल पुत्र श्रीराम अचल, जाति कल्वार, उम्र 44 वर्ष, निवासी बुढादेवर थाना नगर कोतवाली जिला गोण्डा उत्तरप्रदेश तथा हरिशंकर तिवारी पुत्र गौरीशंकर तिवारी, जाति ब्राह्मण, उम्र 28 वर्ष, निवासी डोमा अहलाद थाना देहात कोतवाली जिला गोण्डा उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्म की 6 सील मोहर, 9 पैन कार्ड, 11 एटीएम कार्ड, 10 आधार कार्ड, 2 ड्राइविंग लाइसेंस, 2 फर्म फोटोग्राफ, 4 चेक बुक, 2 बैंक पासबुक, 2 भुगतान जमा पर्चियां, 6 एंड्रॉयड मोबाइल सिम कार्ड सहित, 1 की-पैड मोबाइल सिम कार्ड सहित, 1 राउटर एडॉप्टर सहित, किरायानामा, जीएसटी कागजात, खाली स्टाम्प, उद्यम रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, बुलेट मोटरसाइकिल की आरसी तथा एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 43 बीएल 5789 जब्त की है।
इस संबंध में पुलिस ने धारा 316(2) और 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से उनके नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के बारे में गहन अनुसंधान किया जा रहा है। जिला पुलिस द्वारा साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और मनी लॉड्रिंग से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्री अमरनाथ, उपनिरीक्षक श्री लाखन सिंह, कांस्टेबल नरवीर सिंह, नेमीचंद, बृजेश, विकास और महेंद्र खर्रा की सक्रिय भूमिका रही। साथ ही डीएसटी प्रभारी की टीम तथा साइबर टीम के कांस्टेबल रवि और नरवीर शिष्ठ ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
यह कार्रवाई न केवल साइबर अपराध के संगठित नेटवर्क पर करारा प्रहार है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय ऐसे गिरोहों के खिलाफ पुलिस की सख्त रणनीति और प्रभावी कार्रवाई का स्पष्ट संकेत भी है।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
