मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना से 13 वर्षीय चेतना भील की निःशुल्क हार्ट सर्जरी सफल, परिवार ने जताया आभार
झालावाड़ की 13 वर्षीय चेतना भील की मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क हार्ट सर्जरी सफल रही। जानिए कैसे मिली नई जिंदगी।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) स्वास्थ्य भवन झालावाड़ में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान बच्ची चेतना भील को स्कूल बैग उपहार स्वरूप भेंट कर रहे हैं, जबकि साथ में बच्ची की माता और स्वास्थ्य कर्मी खड़े हैं।
झालावाड़ जिले की 13 वर्षीय छात्रा चेतना भील के लिए मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना नई उम्मीद बनकर सामने आई। भारत सरकार एवं राजस्थान सरकार द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत खोरिया (गणेशपुरा) गरनावद निवासी परबत सिंह भील की पुत्री चेतना भील की हृदय रोग की सफल निःशुल्क सर्जरी जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार कोटा के पेलनित चिकित्सालय में कराई गई। सर्जरी के बाद बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है और उसका परिवार योजना से मिली सहायता पर अभिभूत है।
18 अप्रेल को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एसआरजी झालावाड़ के अधीक्षक डॉ. अशोक शर्मा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को फोन पर बताया कि 13 वर्षीय चेतना भील जनाना चिकित्सालय के बच्चों के वार्ड में गंभीर अवस्था में भर्ती है। बच्ची को सांस लेने में दिक्कत थी, उसके होंठ और नाखून नीले पड़ चुके थे तथा उसे बार-बार निमोनिया की शिकायत रहती थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आरबीएसके के अतिरिक्त नोडल अधिकारी डॉ. रामबिलास मीणा को बच्ची के सम्पूर्ण उपचार एवं फॉलोअप की जिम्मेदारी सौंपी।
अतिरिक्त नोडल अधिकारी डॉ. रामबिलास मीणा ने बताया कि चेतना भील को एम्बुलेंस के माध्यम से कोटा के पेलनित चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उसकी 2 डी ईको और एन्जियोग्राफी की गई। जांच के बाद बच्ची को भर्ती किया गया और 15 जून 2026 को हृदय रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उसका सफल निःशुल्क ऑपरेशन किया। इस सर्जरी पर लगभग 1.5 से 2 लाख रुपये का खर्च आया, जिसका वहन चिकित्सा विभाग की मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के माध्यम से किया जाएगा।
सफल हृदय ऑपरेशन के बाद चेतना भील अब पूर्णतः स्वस्थ है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ दिनों बाद वह दोबारा स्कूल जाना शुरू कर सकेगी और अपने दैनिक जीवन के सभी कार्य सामान्य रूप से कर पाएगी। चेतना के परिजनों ने बताया कि उनका परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है और इतनी महंगी सर्जरी करवाना उनके लिए संभव नहीं था। उन्होंने भारत सरकार और राजस्थान सरकार द्वारा आमजन के लिए संचालित इस लाभकारी योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने बताया कि चेतना अपने परिजनों के साथ स्वास्थ्य भवन पहुंची, जहां उसने चिकित्सा विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजना के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान विभाग की ओर से बच्ची को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ स्टेडी किट उपहार स्वरूप प्रदान की गई। डॉ. खान ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्ति हो तो उसकी जानकारी चिकित्सा विभाग के कार्मिकों को दें, ताकि विभागीय योजनाओं के तहत उसका निःशुल्क उपचार और ऑपरेशन कराया जा सके।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
