झालावाड़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी और वाहन चालक को परिवादी से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी की झालावाड़ चौकी ने की।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने 3 जुलाई 2026 को एसीबी की झालावाड़ चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह टिम्बर ट्रेडिंग का कार्य करता है। वह किसानों से पेड़ खरीदकर ठेकेदार के माध्यम से उनकी कटिंग कराता है और इसके बाद राजस्थान के विभिन्न जिलों में आरा मशीन संचालकों, श्मशान संचालकों, कारपेंटरों तथा अन्य लोगों को मांग के अनुसार लकड़ी भिजवाता है। शिकायत के अनुसार, जब भी लकड़ियों से भरे वाहन रवाना होते हैं, तब झालावाड़ जिले की फोरेस्ट गश्ती दल टीम उन्हें रोककर वाहन चालकों के साथ मारपीट करती है, डराती-धमकाती है, अवैध वसूली करती है, मासिक बंधी की मांग करती है तथा अवैध चोरी के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर परेशान करती है।

परिवादी की शिकायत पर 3 जुलाई 2026 को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी श्री फिरोज खान, वाहन चालक, तथा श्री विक्रम सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी, गश्ती दल, रेन्ज झालावाड़, कार्यालय वन मण्डल उप वन संरक्षक, झालावाड़ द्वारा परिवादी से लकड़ी से भरे वाहनों को पास करने की एवज में प्रति वाहन 5,000 रुपये के हिसाब से पांच वाहनों के लिए कुल 25,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई। परिवादी द्वारा अनुरोध किए जाने पर आरोपी 15,000 रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गए।

रिश्वत मांग की पुष्टि होने के बाद 4 जुलाई 2026 को एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई का आयोजन किया। यह कार्रवाई एसीबी कोटा रेंज, कोटा के उप महानिरीक्षक पुलिस श्री ओमप्रकाश मीणा के सुपरवीजन में तथा एसीबी झालावाड़ चौकी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक श्री साजिद खान एवं उनकी टीम ने की। कार्रवाई के दौरान आरोपी श्री फिरोज खान, वाहन चालक, तथा श्री विक्रम सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी, को परिवादी से 15,000 रुपये रिश्वत प्राप्त करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। एसीबी ने रिश्वत की राशि आरोपी श्री फिरोज खान द्वारा पहनी हुई पेन्ट से बरामद की।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक श्रीमती एस परिमला के निर्देशन में दोनों आरोपियों से पूछताछ तथा उनके घरों की तलाशी की कार्रवाई जारी है। एसीबी ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति एसीबी की हेल्पलाइन नंबर 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 94135-02834 पर 24×7 संपर्क कर भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करा सकता है। ब्यूरो ने भरोसा दिलाया है कि एसीबी नागरिकों के वैध कार्य करवाने में पूरी सहायता करेगी।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story