झालावाड़ 06 दिसंबर। शहर में सरकारी भूमि, गरीब किसानों की जमीन और गैर मुमकीन नालों पर भूमाफियाओं द्वारा हो रहे अतिक्रमण की स्थिति ने चिंता बढ़ा दी है। सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार तिवारी ने झालरापाटन तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर इन अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्यवाही की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि शहर में कई भूमाफिया राज्य सरकार की नियमावली और कानूनों को ताक में रखकर खुलेआम सरकारी और गैर मुमकीन नाला भूमि पर कब्जा कर रहे हैं। ग्राम गोपालपुरा पटवार हल्का दुर्गपुरा में खसरा नंबर 189, जो पूर्णतया राज्य सरकार की गैर मुमकीन नाला भूमि है, इस अतिक्रमण का प्रमुख उदाहरण है। इस जमीन पर कांग्रेस नेता इमरान अली, घनश्याम मीणा और हरीश सुमन सहित अन्य भू माफियाओं ने श्याम विला कॉलोनी के नाम से निर्माण कार्य शुरू कर रखा है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कॉलोनी में पार्किंग, पार्क और नियमन के अन्य नियमों का पालन नहीं किया गया है, जो सीधे राज्य सरकार के निर्देशों का उल्लंघन है। इसके साथ ही, भू माफियाओं ने सरकारी भूमि पर ट्यूबवेल तक अवैध रूप से खोद दिया है, जबकि बिना जिला कलेक्टर की अनुमति नाल भूमि पर किसी भी निर्माण की इजाजत नहीं है।

सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार तिवारी ने कहा कि हालात इस कदर गंभीर हैं कि शहर के गरीब और मजदूर वर्ग के खिलाफ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है, जबकि शक्तिशाली भूमाफियाओं को संरक्षण प्राप्त है। ज्ञापन में इन भूमाफियाओं के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 447 के तहत कार्रवाई करने की मांग की गई है।

इस घटना से राज्य राजस्व और आम जनता को होने वाले आर्थिक और सामाजिक नुकसान की गंभीरता सामने आई है। सरकारी और गैर मुमकीन नाला भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाना अब अति आवश्यक हो गया है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story