रायपुर तहसील। भारतीय किसान संघ तहसील रायपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक कृषि उपज मंडी परिसर में तहसील अध्यक्ष रामगोपाल पाटीदार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में किसानों के हितों से जुड़े अनेक गंभीर मुद्दों पर गहन चर्चा हुई, जिसमें खरीफ 2024 के मुआवजा भुगतान में देरी, फसल बीमा योजना की अनियमितताएँ, विद्युत आपूर्ति की अव्यवस्था, सिंचाई परियोजना की लापरवाही और खाद वितरण में हो रही गड़बड़ियों को लेकर किसानों ने तीखा रोष व्यक्त किया।

बैठक के दौरान जिला प्रचार प्रमुख महेश मेहर ने कहा कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण किसानों को उनके हक की राशि समय पर नहीं मिल रही है। वहीं, जिला कोषाध्यक्ष शोभाराम दांगी ने रायपुर से असोदिया तक थ्री फेस विद्युत लाइन का कार्य अधूरा रहने पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि नवीन लाइन स्वीकृत होने के बावजूद पुरानी लाइन से ही बिजली आपूर्ति जारी है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं और किसानों को निर्विघ्न विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।

तहसील मंत्री बालचंद दांगी ने चवली सिंचाई परियोजना से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा 13 नवंबर से नहरों में पानी छोड़े जाने की घोषणा की गई है, लेकिन नहरों की सफाई अभी अधूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि उपखंड अधिकारी द्वारा बांध स्थल के बजाय पिड़ावा मुख्यालय पर बैठक आयोजित करने से किसानों को अपनी समस्याएँ सीधे बताने का अवसर नहीं मिल पाया।

जिला कार्यालय मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में डीएपी और यूरिया खाद वितरण में गंभीर अनियमितताएँ चल रही हैं। स्थानीय विक्रेताओं द्वारा खाद के साथ अटैचमेंट (अन्य सामग्री जोड़कर) जबरन बेची जा रही है। इसके साथ ही अपने परिचित व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि आम किसानों को खाद से वंचित किया जा रहा है।

बैठक में उपस्थित किसानों ने सर्वसम्मति से प्रशासन से मांग की कि खाद वितरण की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, नहरों की सफाई शीघ्र पूरी की जाए और खरीफ फसल का मुआवजा शीघ्र किसानों को उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में भूपेंद्र पाटीदार, घनश्याम दांगी, बालमुकुंद गुर्जर, शफीक मोहम्मद, योगेंद्र पाटीदार, रामसिंह जाला, बकट सुथार, विष्णु प्रसाद, कैलाश दांगी, राजूलाल दांगी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में संघ पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो भारतीय किसान संघ व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story