झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राजगढ़ और बीना के लिए नई ट्रेनें चलाने की मांग रखी है। उन्होंने बारां, अटरू, सालपुरा, छबड़ा, चौकी मोतीपुरा, भवानीमंडी, चौमहला एवं आमेटा आदि स्टेशनों पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव से संबंधित 17 विषय रेल मंत्री के समक्ष विस्तार से रखे। इस दौरान क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति (ज़ेडआरयूसीसी) के सदस्य धीरज गुप्ता ने भी रेल यात्री सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की और रेल मंत्री को 17 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।

ट्रेनों के विस्तार और नई सेवाओं की मांग

सांसद सिंह ने रेल मंत्री से चर्चा करते हुए "सिरसा कोटा एक्सप्रेस को राजगढ़, कोटा-घाटोली मेमू को खिलचीपुर, कोटा-चौमहला मेमू को उज्जैन एवं श्रीगंगानगर-झालावाड़ एक्सप्रेस को अकलेरा तक बढ़ाने की माँग रखी।" उन्होंने कोटा से बीना तक नई मेमू के संचालन एवं बारां को दिल्ली से जोड़ने की आमजन की मांग को रेल मंत्री के समक्ष दोहराया। सांसद ने कहा कि "झालावाड़ से गुरुग्राम के बीच नई ट्रेन के संचालन होता है तो यह इको एवं धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से अच्छा होगा।"

प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव

सांसद ने जोधपुर-तिरुचिरापल्ली हमसफर एक्सप्रेस के बारां, कोटा-इंदौर इंटरसिटी को अटरु, दयोदय एक्सप्रेस को सालपुरा तथा लालगढ़-पुरी व दुर्ग-अजमेर ट्रेनों के छबड़ा गुगोर में ठहराव की मांग उठाई। सांसद ने चौकी मोतीपुरा में भी इंटरसिटी एवं दयोदय एक्सप्रेस के ठहराव की पुरजोर वकालत की। उन्होंने कहा कि "सालपुरा एवं मोतीपुरा में कोयले के परिवहन से होने वाली आय के एवज में क्षेत्र को भरपूर रेल सेवाएं उपलब्ध होनी चाहिए।" सांसद सिंह ने भवानीमंडी में पश्चिम एक्सप्रेस के साथ इंदौर-नई दिल्ली एक्सप्रेस, कामाख्या-गांधीधाम, गरभा एक्सप्रेस व बांद्रा-गाजीपुर ट्रेनों के ठहराव की जरूरत बताई। उन्होंने बताया कि "संतरे व धनिये के उत्पादन के साथ औद्योगिक इकाई की उपस्थिति के चलते भवानीमंडी झालावाड़ लोकसभा क्षेत्र का रेलवे को सबसे अधिक आय देने वाला स्टेशन है।"

धार्मिक पर्यटन और ढांचागत विकास

उन्होंने चौमहला में गांधीधाम-वैष्णो देवी तथा डॉ अंबेडकर नगर-नई दिल्ली सुपरफास्ट के ठहराव की बात नागेश्वर उन्हेल तीर्थ के परिप्रेक्ष्य में रखी। ज़ेडआरयूसीसी सदस्य धीरज गुप्ता ने बांद्रा-रामनगर एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की मांग रखी और बताया कि "वर्तमान में इस लोकप्रिय साप्ताहिक ट्रेन में आरक्षण खुलने के कुछ ही घंटों में नो रूम की स्थिति बन जाती है।" गुप्ता ने झालावाड़, बारां, रुठियाई और बीना में पिट लाइनों के निर्माण की बात रखी, ताकि इन स्टेशनों से नई गाड़ियों का संचालन और रखरखाव आसान हो सके। उन्होंने कोटा से मथुरा, बीना एवं रतलाम के बीच संचालित मेमू ट्रेनों में लागू एक्सप्रेस किराए को संशोधित कर साधारण श्रेणी का किराया लागू करने की मांग रखी। रेल मंत्री ने समस्त विषयों पर जांच करवाकर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story