झालावाड़, 11 दिसम्बर। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय पर मदद कर उनकी जान बचाने वाले नागरिकों को जिला प्रशासन ने सम्मानित किया। जिला एवं पुलिस प्रशासन की पहल, भारत सरकार की राहतवीर योजना के तहत, नवम्बर माह में सक्रिय 13 राहतवीरों को गुरूवार को जिला परिषद सभागार में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुडानिया ने राहतवीरों की बहादुरी और तत्परता की सराहना की।

जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि राहतवीर योजना का उद्देश्य सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना और घायल व्यक्तियों की समय पर मदद करना है। योजना के सफल क्रियान्वयन से जिले में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 50 प्रतिशत कमी दर्ज की गई है। उन्होंने राहतवीरों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे और समाज में जीवन रक्षा की चेतना को और मजबूत करेंगे।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुडानिया ने राहतवीरों की समझदारी और तत्परता को अभियान की सफलता का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने बताया कि अब लोग सड़कों पर दुर्घटनाओं के समय आगे आकर घायल व्यक्तियों की मदद कर रहे हैं, जिससे योजना का वास्तविक प्रभाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में पुलिस की सख्ती, चालकों के लाइसेंस निलंबन और युवाओं को घायल की मदद करने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।

नवम्बर माह के आंकड़े बताते हैं कि 2023 में 42 दुर्घटनाओं में 17 लोग मृत और 47 घायल हुए थे। 2024 में 38 दुर्घटनाओं में 20 मौतें और 41 घायल हुए। वहीं, नवम्बर 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई, केवल 27 दुर्घटनाओं में 11 मौतें और 25 घायल हुए। इसके साथ ही जिला परिवहन अधिकारी के सुझाव पर पुलिस मित्रों को आगामी दिनों में CPR और फर्स्ट एड का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

राहतवीरों में रवि कुमार, तेजकरण रेगर, अविनाश धाकड़, प्रदीप भील, रामस्वरूप, गोविन्द सुमन, जावेद अली, अजय शर्मा, मुकेश शर्मा, अक्षत जोशी, सोनू भील (रैन बसेरा), सोनू भील (झिरनिया) और कन्हैयालाल नागर शामिल थे।

समारोह के पश्चात जिला परिवहन विभाग के माध्यम से 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान का शुभारंभ भी किया गया। इस दौरान जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने हेलमेट न पहनने और सीट बेल्ट न लगाने वाले चालकों को फूल एवं गुलदस्ते देकर नियमों का पालन करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षा नियमों का पालन करना न केवल कानून की आवश्यकता है, बल्कि यह अपने और परिवार की सुरक्षा के लिए भी अनिवार्य है।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा, जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन, एसआरजी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. अशोक शर्मा, जिला दुर्घटना राहत समिति के सदस्य और प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story