झालावाड़, 17 दिसंबर: राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों और आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलेभर में चलाए जा रहे शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का बुधवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अतिक्रमण और प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए जुर्माना लगाने और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए।

नगर पालिका झालरापाटन में निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने शहर की सफाई, विद्युत और पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर पालिका परिसर में फैली गंदगी और दीवार तोड़कर किए गए अतिक्रमण को देखकर उन्होंने गहरी नाराज़गी व्यक्त की। कलेक्टर राठौड़ ने अधिशासी अधिकारी को तत्काल परिसर की सफाई, अतिक्रमण हटाने, संबंधित अतिक्रमी पर जुर्माना लगाने और एफआईआर दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही, शिविरों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने की भी जिम्मेदारी दी।

ग्रामीण सेवा शिविरों में भी उन्होंने सक्रिय रूप से निरीक्षण किया। पंचायत समिति झालरापाटन में आयोजित शिविर में जिला कलेक्टर ने सभी सरकारी कार्यालयों से संबंधित पट्टों के निर्गमन, शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार करने और अन्य लंबित कार्यों को सरल एवं सुचारु रूप से लागू करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात जिला कलेक्टर पिपलिया स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत और पेयजल विभाग के अधिकारियों को फील्ड में जाकर विद्युत पोल और ढीले तारों की मरम्मत तथा पेयजल लाइनों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि शिविरों में प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और पात्र व्यक्तियों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाए। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी अभिषेक चारण, उपखण्ड अधिकारी भवानीमंडी श्रद्धा गोमे, तहसीलदार नरेन्द्र मीणा, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पुखराज मीणा, विकास अधिकारी महेश मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इस औचक निरीक्षण ने स्पष्ट कर दिया कि प्रशासन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर सतत सक्रिय है, साथ ही अतिक्रमण और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story