डग: गुराड़िया झाला ग्राम पंचायत में फर्जी हस्ताक्षरों से मस्टरोल जारी, भ्रष्टाचार का आरोप
ग्राम पंचायत सचिव के फर्जी हस्ताक्षर कर पांच विकास कार्यों की मस्टरोल जारी करने और मौके पर श्रमिक न मिलने का मामला सामने आया है।

झालावाड़ जिले की डग पंचायत समिति के अंतर्गत गुराड़िया झाला ग्राम पंचायत भवन, जहां विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता के गंभीर आरोप लगे हैं।
डग पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत गुराड़िया झाला में फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए मस्टरोल जारी कर विकास कार्यों में गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि ग्राम पंचायत सचिव के फर्जी साइन कर बिना उनकी जानकारी के मस्टरोल और कार्य स्वीकृत कर दिए गए, जबकि मौके पर कोई कार्य ही नहीं पाया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पंचायत समिति से मिली सूचना के आधार पर ग्राम पंचायत सचिव रजत लोधा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सेमली सरोत गांव में 18 की मस्टरोल पर लेबर मौजूद नहीं थी, वहीं माता जी के पास लगभग 78 मस्टरोल के आसपास श्रमिक दर्ज होने के बावजूद मौके पर स्थिति संदिग्ध मिली। पुलिया क्षेत्र में 42 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज थी, लेकिन उनके पास औजार तक नहीं थे। निरीक्षण में कई कमियां पाई गईं।
सचिव रजत लोधा के अनुसार मियावाकी पौधरोपण कार्य (माता जी मंदिर के सामने) जिसकी स्वीकृत राशि 14.71 लाख रुपये है, ग्रेवल सड़क मय पुलिया निर्माण (13.07 लाख रुपये), नर्सरी विकास कार्य (6.98 लाख रुपये), चारागाह विकास एवं पौधरोपण (13.35 लाख रुपये) तथा एक अन्य ग्रेवल सड़क मय पुलिया निर्माण कार्य (12.98 लाख रुपये) सहित कुल पांच कार्य उनकी जानकारी के बिना स्वीकृत कर मस्टरोल जारी किए गए।
सचिव ने स्पष्ट किया कि उन्हें पंचायत समिति से सूचना मिलने के बाद ही इन मस्टरोल और कार्यों की जानकारी प्राप्त हुई, जबकि 11 से 25 तारीख के पखवाड़े में जारी किए गए कार्यों में उनके हस्ताक्षर पूर्व में उपयोग कर लिए गए थे। वहीं मौके पर इन कार्यों का कोई भौतिक अस्तित्व नहीं पाया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस प्रकार की अनियमितताओं से मनरेगा एवं अन्य विकास योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास अधिकारी कंचन बोहरा के कार्यकाल में मनरेगा योजना में करोड़ों रुपये के घोटाले के आरोप पहले भी लगते रहे हैं।
विकास अधिकारी कंचन बोहरा ने कहा, “मैं चेक करवा कर उनकी अनुपस्थिति दर्ज करवाती हूं।” हालांकि मामले में अब तक किसी एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और जांच की मांग तेज हो गई है। यह पूरा प्रकरण पंचायत स्तर पर वित्तीय पारदर्शिता और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
