चंदीपुर रेणु हत्याकांड: पति देवीकृपाल गिरफ्तार, झालावाड़ पुलिस ने खोला राज
झालावाड़ पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और एफएसएल की मदद से सीढ़ियों से गिरने की थ्योरी को झुठलाते हुए मुख्य आरोपी पति को कोटा से गिरफ्तार किया।

झालावाड़ जिले की अकलेरा थाना पुलिस द्वारा पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया मुख्य अभियुक्त देवीकृपाल उर्फ डेविड जिसे कोटा से पकड़ा गया है।
झालावाड़ जिले के थाना अकलेरा क्षेत्र के बहुचर्चित रेणु उर्फ निमंता हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी पति देवीकृपाल उर्फ डेविड को कोटा से गिरफ्तार करने में सफलता अर्जित की है। श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने बताया कि झालावाड़ पुलिस ने वैज्ञानिक अनुसंधान, फोरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कड़ी से कड़ी जोड़कर आरोपियों द्वारा गढ़ी गयी मनगढंत कहानी—मृतका रेणु उर्फ निमंता के सीढ़ियों से गिरकर मृत्यु होने की झूठी कहानी का पर्दाफाश किया है। गंभीर अपराध की गोपनीय जानकारी मिलने पर पुलिस ने अपनी तरफ से हत्या का मामला दर्ज किया था, क्योंकि परिजनों की "सीढ़ियों से गिरना" वाली कहानी वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी विश्लेषण के सामने पूरी तरह विफल साबित हुई।
घटना का संक्षिप्त विवरण और पुलिस की तत्परता
हत्या की गंभीर घटना को छुपाने के बाद पुलिस को मिले गोपनीय तथ्यों की पुष्टि करने के बाद दिनांक 09.11.2025 को श्री सतवीर सिंह हेड कानि. 172 थाना अकलेरा द्वारा थाना अकलेरा में रिपोर्ट दी गई कि ग्राम चंदीपुर में रेणु उर्फ निमंता उम्र 27 वर्ष की उसके ससुराल में संदिग्ध मृत्यु हुई है। मौके पर मृतका के शरीर पर संघर्ष और मारपीट के गंभीर निशान जैसे नीलगु निशान, कटी हुई मैक्सी और टूटी हुई चूड़ियाँ पाई गई थीं। परिजनों ने इस जघन्य कृत्य को सीढ़ियों से गिरना बताकर दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया था व पुलिस को गुमराह करने हेतु बयान दिया कि रेणु सीढ़ियों से गिर गई थी। पुलिस को मृतका के शरीर के कई अंगों पर मौजूद कई चोटों के निशान व घटनास्थल कमरे में बिखरे पड़े सामान, चूड़ियों के टुकड़े व खून के धब्बों आदि तथा परिजनों द्वारा बतायी सीढ़ियों से गिरने के कोई साक्ष्य नहीं मिलने से घटना प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हुई। मौके पर ही कई गंभीर विसंगतियां दिखाई देने पर पुलिस द्वारा घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए अपनी तरफ से थाना अकलेरा में हत्या व हत्या के साक्ष्य मिटाने का प्रकरण दर्ज किया गया।
आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं साक्ष्य संकलन
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुसंधान श्री हर्षराज सिंह खरेडा, वृत्ताधिकारी वृत्त झालावाड़ को सौंपा गया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पारंपरिक पूछताछ के साथ-साथ वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों पर विशेष ध्यान दिया। पुलिस ने मृतका रेणु का अकलेरा चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया, जिसकी रिपोर्ट के अनुसार रेणु के शरीर के अंगों पर 19 चोटें पायी गयीं तथा मृत्यु का कारण शरीर पर आयी उक्त चोटों से होना पाया गया। मेडिकल बोर्ड ने चोटों की प्रकृति व परिस्थिति जन्य साक्ष्यों के संदर्भ में स्पष्ट राय दी कि सीढ़ियों से गिरने की बात संदेहास्पद है।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि घटना से पूर्व आरोपी पति देवीकृपाल के भांजे कोमल द्वारा अकलेरा में होटल नारायण पैलेस में कमरा बुक कराया था जहां रात्रि में देवीकृपाल व कोमल साथ थे। होटल नारायण पैलेस के सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर विश्लेषण से पुष्टि हुई कि आरोपी कोमल मीणा ने दिनांक 06.11.2025 की रात कमरा बुक किया था और वहां पति देवीकृपाल ने भांजे के साथ शराब पार्टी की थी। फुटेज में रात्रि करीब दो बजे पति देवीकृपाल का होटल से निकलकर जाना पाया गया, जिससे घटना का समय रात्रि दो से चार बजे के मध्य होना प्रमाणित हुआ। इसके अलावा आस्था हॉस्पिटल अकलेरा के सीसीटीवी फुटेज से पुष्टि हुई कि आरोपी देवीकृपाल और कोमल मीणा सुबह करीब 05 बजे रेणु को काले रंग की कार में अस्पताल लाये, जिसे डॉक्टरों ने मृत पाया। आरोपी देवीकृपाल अपनी पहचान छिपाने हेतु कार से नीचे नहीं उतरा और जैसे ही डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया, वह भांजे कोमल को बाहर बुलाकर पत्नी रेणु की लाश को अस्पताल में ही छोड़कर फरार हो गया। दोनों आरोपी अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुए और उनके मोबाइल स्विच ऑफ पाए गए।
एफएसएल टीम द्वारा क्राइम सीन रिक्रिएशन
दिनांक 03.12.2025 को निदेशक राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला जयपुर की गठित टीम जिसमें डॉ. श्री मुकेश शर्मा, श्री शेरसिंह जाखड़ और श्री अजय सिंह गुर्जर शामिल थे, उन्होंने घटनास्थल पर डमी बॉडी के साथ क्राइम सीन रिक्रिएशन किया। इस वैज्ञानिक प्रक्रिया में पाया गया कि कमरे में संघर्ष के दौरान चूड़ियाँ टूटीं और सामान अस्त-व्यस्त हुआ था। फर्श पर खून के धब्बे और टूटे हुए बटन मिले जो मारपीट और प्रतिरोध की पुष्टि करते हैं। सीढ़ियों से डमी बॉडी गिराकर किए गए परीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि ऐसी चोटें आना असंभव है जैसी मृतका के शरीर पर थीं, जिससे ससुराल पक्ष की सीढ़ियों से गिरने की थ्योरी पूरी तरह ध्वस्त हो गई। हाल ही में वार्षिक निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती लता मनोज द्वारा इस वैज्ञानिक पर्दाफाश के प्रयासों की सराहना की गई है।
हत्या का मुख्य कारण और अनैतिक संबंध
अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी देवीकृपाल के अन्य महिलाओं से अनैतिक संबंध थे, जिसके कारण उसका अपनी पत्नी से आये दिन झगड़ा होता था। मृतका रेणु द्वारा अपने ससुराल पक्ष को इस बारे में अवगत करवाने पर भी समस्या हल नहीं हुई, क्योंकि ससुराल पक्ष द्वारा आरोपी का मौन समर्थन किया जा रहा था। देवीकृपाल ने पत्नी रेणु का पीहर जाना भी बंद कर दिया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के मोबाइल से कई लड़कियों के फोटो और चैट मिले हैं, जिनसे पुष्टि हुई कि वह फरारी के दौरान भी होटलों में महिलाओं को बुलाकर पार्टियां कर रहा था।
पुलिस टीम पर हमला और आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुकआउट नोटिस और 25,000/- रुपये का इनाम घोषित किया था। दिनांक 21.03.2026 को जब पुलिस टीम ने कोटा में मुख्य आरोपी को घेरने का प्रयास किया, तो आरोपी देवीकृपाल ने अपनी कार से पुलिस वाहन को टक्कर मारकर जानलेवा हमला किया। इस संबंध में थाना आरकेपुरम कोटा में आरोपी देवीकृपाल, कोमल मीणा और पवन दांगी के खिलाफ जानलेवा हमला व राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज कराया गया है। हमले के दौरान आरोपियों ने वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई हुई थी। झालावाड़ पुलिस ने अथक प्रयासों से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब रिमांड के दौरान अन्य सहयोगियों के बारे में गहन अनुसंधान किया जाएगा। श्री अमित कुमार ने कहा कि— "झालावाड़ पुलिस हर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक जांच और सतत प्रयासों से अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
