vबकानी पुलिस की बड़ी सफलता: दो माह से फरार 35 लाख की बैंक धोखाधड़ी का आरोपी इनायतुल्लाह मंसूरी गिरफ्तार
झालावाड़ जिले की बकानी पुलिस ने दो माह से फरार 35 लाख की बैंक धोखाधड़ी के आरोपी इनायतुल्लाह मंसूरी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने राजस्थान ग्रामीण बैंक से ऋण लेकर बंधक संपत्ति को धोखे से बेच दिया और दूसरी वित्तीय संस्था से नया ऋण भी लिया था। पुलिस ने उसे रायपुर क्षेत्र से पकड़ा।

झालावाड़। जिले की बकानी थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए राजस्थान ग्रामीण बैंक से लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर फरार चल रहे आरोपी इनायतुल्लाह मंसूरी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आई.पी.एस.) ने बताया कि आरोपी पिछले दो माह से फरारी काट रहा था और टीम ने उसे तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर रायपुर थाना क्षेत्र के चंवली तिराहे से दबोच लिया।
घटना का सूत्रपात 7 सितम्बर 2025 को हुआ था, जब राजस्थान ग्रामीण बैंक शाखा बकानी के तत्कालीन प्रबंधक छोथीलाल पुत्र भुरिया मीणा ने पुलिस थाना बकानी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि ‘नेशनल टायर’ नाम से व्यवसाय करने वाले इनायतुल्लाह मंसूरी पुत्र इब्राहिम मंसूरी निवासी डोंगरगांव, जिला आगर (वर्तमान में बकानी निवासी) ने बैंक से प्रीमियम सरल व्यापारी योजना के तहत 35 लाख रुपये का ऋण लिया था। इस ऋण के बदले उसने ग्राम बकानी स्थित अपनी आवासीय संपत्ति, खसरा नंबर 1130, को 8 जुलाई 2022 को बैंक के पक्ष में पंजीकृत बंधक रखा था।
हालांकि, ऋण खाते का नियमित भुगतान नहीं होने के कारण यह खाता 21 जून 2025 को गैर निष्पादित आस्ति (एनपीए) घोषित कर दिया गया। बैंक द्वारा SARFASI ACT 2002 के तहत कार्रवाई प्रारंभ की गई, तब खुलासा हुआ कि आरोपी इनायतुल्लाह ने बंधक संपत्ति को बैंक की अनुमति के बिना 25 अक्टूबर 2024 को रजिस्टर्ड बेचान कर दिया। इतना ही नहीं, उसने उसी संपत्ति पर ‘पेरामिल फाइनेंस’ से 53 लाख 17 हजार रुपये का नया ऋण भी प्राप्त कर लिया था तथा चार अलग-अलग पट्टे भी कूट रचना के माध्यम से तैयार करवा लिए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने तत्काल विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजी लाल मीणा के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी हर्षराजसिंह खरेड़ा (आर.पी.एस.) की सुपरविजन में थानाधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। लगातार तकनीकी निगरानी, सूचनाओं की जांच और क्षेत्रीय संपर्कों के माध्यम से टीम ने अंततः आरोपी को चंवली तिराहा, थाना रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इनायतुल्लाह मंसूरी द्वारा की गई इस धोखाधड़ी से बैंक को लगभग 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य सहयोगियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी रामेश्वर प्रसाद, सहायक उपनिरीक्षक बृजराज सिंह, कांस्टेबल शिवलाल (820), रोशन सिंह (1468) और सुभाष (380) की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि वित्तीय अपराधों के विरुद्ध जिले में सख्त कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। बकानी पुलिस की इस सफलता ने एक बार फिर जिले में कानून व्यवस्था के प्रति पुलिस की तत्परता और सजगता को प्रमाणित किया है।
- बकानी पुलिसइनायतुल्लाह मंसूरी गिरफ्तारीराजस्थान ग्रामीण बैंक धोखाधड़ीझालावाड़ समाचारबैंक फ्रॉड राजस्थानSP अमित कुमार IPSथाना बकानीवित्तीय अपराध राजस्थानपुलिस कार्रवाई झालावाड़Rajasthan Gramin Bank fraudInayatullah Mansoori arrestedJhalawar newsBakani police newsfinancial fraud case Rajasthanbank loan scam Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
