cभवानीमंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई — फर्जी मुख्त्यारनामे से जमीन बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, जालसाजी का पर्दाफाश
झालावाड़ जिले के भवानीमंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी मुख्त्यारनामे के जरिए जमीन की खरीद-फरोख्त करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से जालसाजी व दस्तावेजी अपराधों पर पुलिस ने कसा शिकंजा।

झालावाड़। जिले में धोखाधड़ी और जालसाजी के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भवानीमंडी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी मुख्त्यारनामा (Power of Attorney) तैयार कर जमीन की खरीद-फरोख्त करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में की गई।
मामला भवानीमंडी थाना क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी श्रीराम पुत्र नानूराम, निवासी मालाकाली, जिला सीकर (वर्तमान में वरिष्ठ सहायक, तहसील पचपहाड़) ने पुलिस को एक तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम भवानीमंडी में स्थित आराजी खसरा नंबर 604 की भूमि का हिस्सा चार व्यक्तियों के नाम दर्ज था, जिनमें से तीन — नाथूसिंह, बापूलाल और शिवसिंह — के नाम से 3/4 हिस्सा दर्ज था। इसी भूमि को लक्ष्मणसिंह पुत्र भारतसिंह, निवासी ताई का खेड़ा, तहसील पचपहाड़ ने 19 जनवरी 2025 को नोटरी पब्लिक से प्रमाणित करवाए गए एक फर्जी मुख्त्यारनामे के आधार पर अपने नाम करवाया। इसके बाद 24 जनवरी 2025 को उसी फर्जी दस्तावेज के सहारे लक्ष्मणसिंह ने दशरथसिंह और बनेसिंह के पक्ष में विक्रय पत्र पंजीकृत करवा दिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जिन तीनों व्यक्तियों के नाम पर भूमि दर्ज थी, वे मृतक थे, और आरोपियों ने उनकी मृत्यु की जानकारी छुपाकर गलत तथ्यों के आधार पर दस्तावेज तैयार करवाए। इस कृत्य से सरकारी रिकॉर्ड में धोखाधड़ी कर संपत्ति हड़पने की साजिश सामने आई।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा एवं वृताधिकारी प्रेमकुमार आरपीएस के सुपरविजन में भवानीमंडी थानाधिकारी रमेशचंद मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, गोपनीय सूचना और मनोवैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लक्ष्मणसिंह पुत्र भारतसिंह (32), निवासी ताई का खेड़ा, थाना मिश्रोली, तथा बनेसिंह पुत्र किशनसिंह (35), निवासी वार्ड नंबर 11, रामठी, भवानीमंडी शामिल हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई जालसाजी और दस्तावेज़ी अपराधों पर नकेल कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भूमि या संपत्ति से जुड़े लेनदेन करते समय दस्तावेजों की सत्यता की जांच अवश्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
- भवानीमंडी पुलिस कार्रवाईझालावाड़ पुलिसफर्जी मुख्त्यारनामाPower of Attorney Fraudभूमि जालसाजी राजस्थानजमीन धोखाधड़ी भवानीमंडीलक्ष्मणसिंह गिरफ्तारबनेसिंह गिरफ्तारअमित कुमार एसपी झालावाड़भवानीमंडी थानाRajasthan Land Fraud CaseFake Document Arrest JhalawarProperty Fraud Bhawanimandiपुलिस अभियान राजस्थानफर्जी दस्तावेज़ गिरफ्तारी

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
