झालरापाटन। वर्षों से अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे झालरापाटन शहर में सोमवार को एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जब नवपदस्थ पुलिस निरीक्षक अलका विश्नोई स्वयं दल-बल के साथ सड़कों पर उतरीं और शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। बिना किसी विवाद या तनाव के हुई इस कार्रवाई ने न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को राहत दी, बल्कि प्रशासनिक इच्छाशक्ति का भी स्पष्ट संदेश दिया।

शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान पूर्व में कई बार चलाया गया, लेकिन राजनीतिक दबाव और असंगठित प्रयासों के कारण वे अक्सर अधूरे रह गए। इस पृष्ठभूमि में पुलिस निरीक्षक अलका विश्नोई की यह पहल उल्लेखनीय रही, जिन्होंने बस स्टैंड से लेकर लंका गेट और मैला स्थल तक करीब दो घंटे में सड़कों पर दुकानदारों द्वारा फैलाए गए अतिक्रमण को हटवाया। कार्रवाई के दौरान समझाइश को प्राथमिकता दी गई, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

झालरापाटन थाने में हाल ही में पदभार संभालने वाली अलका विश्नोई का मुख्य फोकस क्षेत्र में नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई माना जा रहा है, हालांकि वर्ष के अंतिम दिनों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों के चलते इस दिशा में अभियान जनवरी के प्रथम सप्ताह में तेज होने की संभावना है। इसके बावजूद, अतिक्रमण हटाने को लेकर उनकी सक्रियता शहरभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

शहर के गिन्दोर क्षेत्र को लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है, जहां अवैध रूप से सड़कों पर खड़ी बाइकों और वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहे हैं। इसी तरह सूरज पोल स्थित सब्जी मंडी में सड़क तक फैले ठेलों के कारण जाम की स्थिति बनती है, जिससे विशेषकर महिलाओं और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी होती है। तहसील की गली, जो शहर का प्रमुख शॉर्टकट मार्ग है, वहां बेतरतीब खड़े वाहनों ने पैदल चलना तक मुश्किल कर दिया है।

अतिक्रमण के विरुद्ध यह कार्रवाई न केवल यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है, बल्कि यह संकेत भी दे रही है कि यदि लगातार निगरानी और सख्ती बरती गई, तो शहर को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त किया जा सकता है। प्रशासनिक स्तर पर यह पहल आने वाले समय में कानून व्यवस्था और नागरिक सुविधा दोनों के लिए अहम साबित हो सकती है।

Suresh Momiya, Jhalawar

Suresh Momiya, Jhalawar

नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)

वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय


परिचय

सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:

  • दैनिक बढ़ता राजस्थान
  • दैनिक कोटा ब्यूरो
  • दैनिक दो गज दूरी

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story