चौमहला। डग विधानसभा में विकास के दावों के बीच तलावली ग्राम पंचायत के बिलावली वार्ड नंबर 03 के निवासी आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। मंगलवार को स्थानीय रहवासियों ने अपनी समस्याओं को लेकर उपखंड अधिकारी छत्रपाल चौधरी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने सड़क, नाली और विद्युत व्यवस्था की तत्काल आवश्यकता जताई।

ज्ञापन में बताया गया कि चौमहला कस्बे के पशु चिकित्सालय के पीछे स्थित इस वार्ड के लोगों को आज तक पक्की सड़क का लाभ नहीं मिला। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही पर्याप्त बिजली की सुविधा न होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। रहवासियों का कहना है कि वे पिछले 10 से 15 वर्षों से यहां रह रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी जनप्रतिनिधि ने उनकी सुध नहीं ली।

स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया कि क्या यह क्षेत्र डग विधानसभा का हिस्सा नहीं है और क्या यहां रहने वाले लोग वोटर नहीं हैं। ज्ञापन में निवेदन किया गया कि सड़क, नाली और बिजली की व्यवस्था तत्काल की जाए, ताकि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहना पड़े।

इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि विधानसभा और स्थानीय प्रशासन की नजर कब इस वार्ड की ओर पड़ेगी और क्या रहवासी लंबे समय तक इन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करते रहेंगे।


Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story