झालावाड़: 3 दिन में दो बड़ी डकैतियों से स्वर्णकार समाज में दहशत, सुरक्षा की मांग
सारोला और आवलहेड़ा में हुई वारदातों के बाद मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मिलकर पुलिस प्रशासन से हथियार लाइसेंस और गश्त बढ़ाने की मांग की।

झालावाड़ जिले के सारोला में सर्राफा व्यापारी के घर हुई डकैती के बाद पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचे मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के जिलाध्यक्ष महेश सोनी और अन्य पदाधिकारी।
झालावाड़ जिले में तीन दिनों के भीतर सर्राफा व्यापारियों के घरों में हुई दो बड़ी डकैतियों ने पूरे स्वर्णकार समाज को दहशत में डाल दिया है। पहली वारदात का अब तक खुलासा नहीं होने के बीच दूसरी डकैती ने व्यापारियों की चिंता और बढ़ा दी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्वर्णकार व सर्राफा कारोबारियों ने पुलिस व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और व्यापारियों को आत्मरक्षा के लिए हथियार लाइसेंस जारी करने की मांग उठाई है।
पहली बड़ी वारदात सारोला कस्बे में हुई, जहां बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी महेश सोनी के घर धावा बोल दिया। जानकारी के अनुसार आधा दर्जन से अधिक बदमाश घर में घुसे और करीब 140 किलो चांदी तथा लगभग 10 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। इस बड़ी डकैती से इलाके में सनसनी फैल गई, लेकिन कई दिन बीतने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
सारोला डकैती का खुलासा होने से पहले ही मनोहरथाना क्षेत्र के आवलहेड़ा में दूसरी डकैती की घटना सामने आ गई। लगातार दूसरी वारदात के बाद स्वर्णकार व सर्राफा व्यापारियों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे सीधे व्यापारियों और उनके परिवारों को निशाना बना रहे हैं।
घटनाओं के बाद मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के जिलाध्यक्ष महेश सोनी के नेतृत्व में समाज का प्रतिनिधिमंडल सारोला पहुंचा और पीड़ित व्यापारी महेश सोनी के परिवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने घटना की पूरी जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान नवयुवक मंडल जिलाध्यक्ष पवन सोनी, संरक्षक नारायणलाल सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेश सोनी, मुख्य सलाहकार मोहनलाल सोनी खानपुर, उपाध्यक्ष किशोर सोनी, नेमीचंद सोनी, श्याम सोनी, डॉ. मनोज सोनी, समाज कल्याण प्रकोष्ठ पदाधिकारी अरिजीत सोनी खानपुर, जिला महामंत्री महेश सोनी, संगठन मंत्री राजमल सोनी, जिला मंत्री विष्णु सोनी और समाजसेवी बसंती लाल सोनी खानपुर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि नई जिला कार्यकारिणी लगातार समाज सेवा और पीड़ित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से दोनों डकैती मामलों का शीघ्र खुलासा करने, संदिग्ध आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और जिलेभर में व्यापारियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष महेश सोनी और समाज की कार्यकारिणी ने जिलेभर की पंचायतों के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से कहा कि स्वर्णकार समाज सोने-चांदी जैसी कीमती धातुओं का व्यापार करता है, इसलिए उनकी सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। समाज ने मांग की कि जिले के बड़े व्यापारियों को आत्मरक्षा के लिए बंदूक और पिस्टल रखने के लाइसेंस जारी किए जाएं, ताकि आपात स्थिति में वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा कर सकें।
लगातार दो बड़ी डकैतियों के बाद जिलेभर के स्वर्णकार व सर्राफा व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय कमजोर सुरक्षा व्यवस्था अपराधियों के हौसले बढ़ा रही है। अब पूरे जिले की नजर पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर कब तक इन डकैती की वारदातों का खुलासा होगा और व्यापारियों को राहत मिल सकेगी।

Suresh Momiya, Jhalawar
नाम: सुरेश कुमार गोयल (मोमिया)
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: झालरापाटन, जिला झालावाड़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य महत्वपूर्ण विषय
परिचय
सुरेश कुमार गोयल (मोमिया) राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' में सीनियर पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं। वह झालरापाटन और झालावाड़ जिले से जुड़ी राजनीति, अपराध (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की क्षेत्रीय और जनहित की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ निम्नलिखित समाचार पत्रों के लिए भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं:
- दैनिक बढ़ता राजस्थान
- दैनिक कोटा ब्यूरो
- दैनिक दो गज दूरी
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
