झाड़ोल पुलिस का स्टंटबाजों पर बड़ा एक्शन, सड़क पर खतरनाक करतब दिखाने वाली 13 पावर बाइक जब्त
झाड़ोल पुलिस ने सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 13 पावर बाइक जब्त कीं। एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई के साथ आगे भी सख्ती जारी रखने की चेतावनी दी गई।

तस्वीर में झाड़ोल थाना परिसर में पुलिस द्वारा जब्त की गई पावर बाइक एक स्थान पर खड़ी दिखाई दे रही हैं।
उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना क्षेत्र में आम राहगीरों की जान जोखिम में डालकर सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 पावर बाइक जब्त की हैं। मोटर वाहन अधिनियम के तहत की गई इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।
जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत विश्नोई एवं वृत्ताधिकारी वृत्त झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी करणाराम के नेतृत्व में 21 जुलाई 2026 को विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट कर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 13 पावर बाइक जब्त की गईं। सभी वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कहा कि सड़क पर स्टंट कर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन करने की अपील की गई।
इस विशेष कार्रवाई में थाना प्रभारी करणाराम, उप निरीक्षक दिनेश कुमार, उप निरीक्षक कमल कुमार, हेड कांस्टेबल महेंद्रसिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीपसिंह, कांस्टेबल मदनलाल, कांस्टेबल यशवंतसिंह एवं कांस्टेबल ओमप्रकाश शामिल रहे। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में लापरवाही से वाहन चलाने और खतरनाक स्टंट करने वालों के लिए स्पष्ट चेतावनी मानी जा रही है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
