सुथार समाज संस्थान की मासिक बैठक का आयोजन सुथारपाड़ा स्थित विश्वकर्मा सुथार समाज भवन में अध्यक्ष गुमानाराम सलून कनोई की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में निर्माणाधीन छात्रावास के बकाया चंदे की वसूली के साथ नए चंदे की शुरुआत करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा विश्वकर्मा भवन में निवास कर रहे छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी। साथ ही विश्वकर्मा भवन में निर्मित मंदिर की मूर्ति की पुनर्स्थापना का निर्णय लिया गया। तय किया गया कि आगामी विश्वकर्मा जयंती से पूर्व भगवान विश्वकर्मा की नई मूर्ति की प्रतिस्थापना की जाएगी।

सचिव राजेंद्र कुमार ने बताया कि अध्यक्ष द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार छात्रावास के पूर्ण निर्माण को लेकर आवश्यक कार्य किए जाएंगे तथा छात्रों के हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं सहव्यवस्थापक सी.पी. सुथार ने बताया कि विश्वकर्मा भवन में नई मूर्ति स्थापित की जाएगी। इसके लिए विशेष पाठ का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष द्वारा आगामी माह में नई मूर्ति स्थापित कर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिसमें समाज के वरिष्ठजन, राजस्थान के अधिकारीगण तथा समाज के बुजुर्ग शामिल होंगे। इस दौरान समाज की प्रतिभाओं का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

व्यवस्थापक आनंद सलून ने बताया कि कोषाध्यक्ष चंदनराम सोनू ने समाज का आय-व्यय एवं लेखा-जोखा बैठक में प्रस्तुत किया। साथ ही समाज के हित में भामाशाहों को आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि समाज में एकता बनी रहे और समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

बैठक में अध्यक्ष गुमानाराम कनोई, सचिव राजेंद्र कुमार रामदेवरा, कोषाध्यक्ष चंदनाराम सोनू, व्यवस्थापक आनंद सलून, सहव्यवस्थापक सी.पी. सुथार, समाज के वरिष्ठ डूंगरदास नागल, जीतुराम सोनू, आईदान बरडुवा, नखतुराम हाबूर, खेताराम गेपाल, आसुराम सिपला, खेवराराम पूनमनगर, पूनमचंद पूनमनगर, सवाईराम डेढा, धारसीराम सहित समाज के वरिष्ठजन एवं युवा उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों को समाज के विकास, छात्र हित और आगामी धार्मिक आयोजनों की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story