संत शिरोमणि श्री गरवाजी महाराज की पावन निर्वाण तिथि के अवसर पर 9 जुलाई 2026 को लौद्रवा धाम में आयोजित होने वाले वार्षिक मेला एवं सामाजिक सम्मेलन को ऐतिहासिक, भव्य एवं सफल बनाने के लिए अखिल भारतीय कुमावत संत श्री गरवाजी सेवा समिति ने प्रदेशव्यापी जनसंपर्क एवं प्रचार-प्रसार अभियान तेज कर दिया है। कुमावत समाज में इस महाआयोजन को लेकर श्रद्धा, उत्साह और जनसमर्थन का वातावरण है। समाज के वरिष्ठजन, युवा, मातृशक्ति, सामाजिक संगठन तथा प्रवासी समाजबंधु अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय जनसंपर्क कर प्रत्येक परिवार तक मेले का निमंत्रण पहुंचा रहे हैं।

मेला संयोजक कुंदनलाल ने बताया कि समिति द्वारा राजस्थान के जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, बालोतरा, बीकानेर, फलोदी, नागौर, पोकरण, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित विभिन्न जिलों के साथ-साथ पुणे, नवसारी, सूरत, मुंबई और बेंगलुरु सहित देश के अनेक शहरों में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। आमंत्रण पत्रिकाओं का वितरण, व्यक्तिगत जनसंपर्क, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया तथा अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए समाज के प्रत्येक परिवार तक इस महाआयोजन का संदेश पहुंचाया जा रहा है। प्रचार अभियान को समाज के सभी वर्गों का उत्साहपूर्ण सहयोग मिल रहा है।

प्रचार अभियान के दौरान समाज के प्रबुद्धजनों ने कहा कि संत श्री गरवाजी महाराज का वार्षिक मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि कुमावत समाज की आस्था, संस्कृति, एकता, सामाजिक समरसता और संगठन शक्ति का विराट महापर्व है। यह आयोजन समाज को एक मंच पर जोड़ने, नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपरा से परिचित कराने तथा आपसी भाईचारे को और अधिक मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

समिति अध्यक्ष अर्जुनलाल ने बताया कि प्रदेशभर से मिल रहे अभूतपूर्व सहयोग, आत्मीयता और जनसमर्थन से स्पष्ट है कि इस वर्ष का आयोजन पूर्व वर्षों की अपेक्षा अधिक भव्य, विशाल और ऐतिहासिक होगा। उन्होंने समस्त कुमावत समाज से परिवार सहित 9 जुलाई 2026 को लौद्रवा धाम पहुंचकर संत श्री गरवाजी महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने समाजबंधुओं से अपने रिश्तेदारों, मित्रों और अन्य समाजजनों को भी मेले में साथ लाने की अपील की, ताकि कुमावत समाज की एकजुटता, सामाजिक चेतना और संगठन शक्ति का परिचय पूरे देश के सामने प्रस्तुत किया जा सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अखिल भारतीय कुमावत संत श्री गरवाजी सेवा समिति के नेतृत्व में समाज की सामूहिक सहभागिता, सेवा भावना और समर्पण से इस वर्ष का वार्षिक मेला एवं सामाजिक सम्मेलन भव्यता, अनुशासन, सामाजिक एकता और जनसहभागिता की दृष्टि से नया इतिहास रचेगा तथा कुमावत समाज की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story