जैसलमेर जिला कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि
पंडित नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा।

जैसलमेर जिला कांग्रेस कार्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित संगठन महामंत्री मनोहर सिंह नरावत, प्रवक्ता विकास कुमार व्यास और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता।
देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62वीं पुण्यतिथि सीमावर्ती जिले जैसलमेर में जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धा एवं संकल्प के साथ मनाई गई, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन महामंत्री मनोहर सिंह नरावत के नेतृत्व में पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का माहौल गंभीर और भावनात्मक रहा, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विकास कुमार व्यास ने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच की मजबूत नींव रखी। उनके नेतृत्व में पंचवर्षीय योजनाओं के साथ ही आईआईटी, एम्स, इसरो और भाखड़ा नांगल जैसी राष्ट्रीय महत्व की संस्थाओं की स्थापना हुई, जिससे देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक प्रगति हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री मनोहर सिंह नरावत ने कहा कि वर्तमान समय में पंडित नेहरू के विचार और आदर्श पहले से अधिक प्रासंगिक हैं। लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए उनके बताए मार्ग पर चलना आवश्यक है।
इस श्रद्धांजलि सभा में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुमार खान, पूर्व जिलाध्यक्ष उम्मेद सिंह तंवर, राधेश्याम कल्ला, रूपचंद सोनी, लीलाधर दैया, रुगदान झिबा, आनंद सिंह देवड़ा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेखा जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरदीन फकीर ने पुष्कर में आयोजित कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आवासीय प्रशिक्षण शिविर में पंडित नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के सपनों का भारत बनाने तथा उनके आदर्शों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया, जिसके साथ श्रद्धांजलि सभा का समापन हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
