जैसलमेर: आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं को बांटे गए सुपोषण न्यूट्री किट
राजस्थान के जैसलमेर में मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के तहत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार और कुपोषण को दूर करने के लिए गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक सामग्री किट दिए गए।

जैसलमेर के मोकला सेक्टर स्थित रूपसी प्रथम आंगनबाड़ी केंद्र में सरपंच स्वरुप सिंह की उपस्थिति में कार्यकर्ता गीता गेंवा (दाएं से दूसरी, खड़ी हुईं) पंजीकृत गर्भवती महिलाओं को मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट वितरित करती हुईं। इस अवसर पर सहायिका सुशीला बालोच सहित अन्य ग्रामीण महिलाएं भी मौजूद रहीं।
जैसलमेर में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करते हुए परियोजना जैसलमेर के सेक्टर मोकला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र रूपसी प्रथम परिसर में गर्भवती महिलाओं को मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा कुपोषण की समस्या को कम करना रहा।
ग्राम पंचायत रूपसी के सरपंच स्वरुप सिंह की उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता गेंवा ने केंद्र में पंजीकृत सात गर्भवती महिलाओं को सुपोषण न्यूट्री किट प्रदान किए। इस दौरान आंगनबाड़ी सहायिका सुशीला बालोच, ढेली, प्रेमी, दुर्गा, राणी सहित कई ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। न्यूट्री किट प्राप्त करने वाली महिलाओं में निरमा, खमा, रीना, कविता, जसोदा, चंदु एवं रेखा शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही सुपोषण न्यूट्री किट मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। लाभार्थी जसोदा ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को विशेष पोषण की आवश्यकता होती है और न्यूट्री किट मिलने से उन्हें आवश्यक पोषक तत्व आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे, जिससे जच्चा और बच्चा दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता गेंवा ने बताया कि मुख्यमंत्री सुपोषण योजना का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाकर कुपोषण को दूर करना और स्वस्थ समाज की नींव को मजबूत करना है। उन्होंने जानकारी दी कि न्यूट्री किट में पिंड खजूर, भुना चना, मूंगफली, गुड़, फूल मखाना एवं देशी घी जैसी पौष्टिक सामग्री शामिल की गई है, जो गर्भवती महिलाओं के लिए अत्यंत लाभदायक है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मीरा ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुपोषण योजना मातृ स्वास्थ्य की दिशा में एक सराहनीय और महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को पोषण संबंधी सहायता मिलने के साथ स्वस्थ शिशु जन्म को भी बढ़ावा मिलेगा।
उत्साहपूर्ण और सकारात्मक माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने सरकार की इस योजना को जनहितकारी बताते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं राज्य में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ महिलाओं और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में यह पहल प्रभावी साबित हो रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
