जिला कांग्रेस कमेटी जैसलमेर की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 जून को प्रस्तावित जन्मदिवस समारोह को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि राहुल गांधी का जन्मदिवस इस वर्ष सेवा, समर्पण और जनकल्याण के भाव के साथ मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत 16, 17 और 18 जून को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जबकि 19 जून को प्रातः कांग्रेस कार्यालय में ध्वज वंदन के साथ कार्यक्रमों का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।

प्रवक्ता विकास व्यास ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्मदिवस के अवसर पर गौशालाओं में गायों को हरा चारा एवं गुड़ का वितरण किया जाएगा। साथ ही जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। वृद्धाश्रम एवं मूक-बधिर विद्यालयों में भी सेवा कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त नरेगा मजदूरों, लोक कलाकारों एवं जरूरतमंद लोगों को आवश्यक उपयोगी सामग्री वितरित करने की योजना बनाई गई है।

उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह 19 जून को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित होगा। इस अवसर पर नवगठित जिला कांग्रेस कमेटी का स्वागत किया जाएगा तथा वरिष्ठ कांग्रेसजनों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं पद्मश्री सम्मानित विभूतियों का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक भोज का भी आयोजन रखा गया है।

बैठक में कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों एवं पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं और कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर सफल बनाने का आह्वान किया गया।

जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी युवाओं, किसानों, मजदूरों और आमजन की आवाज हैं। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जरूरतमंदों तक पहुंचकर सेवा कार्यों को प्रभावी रूप से संपन्न करें।

इस पूरी रूपरेखा के साथ जैसलमेर कांग्रेस ने जन्मदिवस को जनसेवा के व्यापक अभियान के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी की है, जिससे सामाजिक सरोकारों को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story