जैसलमेर में महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री सोमेश्वर देवड़ा के निर्देशानुसार बाल विकास परियोजना जैसलमेर के मोकला एवं पूनमनगर सेक्टर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए “सामाजिक-भावनात्मक कौशल एवं समावेशी वातावरण निर्माण के प्रभावी उपयोग” विषय पर क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

बाल विकास परियोजना अधिकारी संदीप यादव के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षक पुष्पा जयपाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री मातृत्व पोषण योजना, ग्रोथ मॉनिटरिंग, प्रवेश उत्सव एवं शालापूर्व शिक्षा (ECCE) के प्रभावी संचालन पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया।

इसके साथ ही मिशन बुनियाद के तहत रॉकेट लर्निंग के सहयोग से जिला समन्वयक खेता खान कोटड़ा ने प्रशिक्षण में सामाजिक-भावनात्मक कौशल, समावेशी वातावरण निर्माण, खेल-आधारित शिक्षण तथा बच्चों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने के प्रभावी तरीकों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और अपने-अपने केंद्रों पर सीखी गई गतिविधियों को प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक पोषण अभियान ईश्वर राम का भी सहयोग रहा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जमीनी स्तर पर बाल विकास सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Next Story