डिजिटल लेनदेन और बढ़ते साइबर अपराधों के दौर में वित्तीय जागरूकता को लेकर ग्राम पंचायत मोहनगढ़ में क्रिसिल फाउंडेशन द्वारा वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बैंकिंग सुरक्षा, बीमा योजनाओं, डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव और स्वरोजगार जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

वित्तीय साक्षरता शिविर में लीड बैंक मैनेजर कमलसिंह खिंची ने कहा कि प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत प्रत्येक व्यक्ति को अपना बीमा करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी के साथ वित्तीय धोखाधड़ी होती है तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने लोगों को डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से सतर्क रहने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम में नाबार्ड डीडीएम प्रदीप कुमार ने प्रशिक्षण और स्वरोजगार के विषय पर चर्चा करते हुए महिलाओं से कृषि संबंधी सुझाव मांगे। उन्होंने महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

एसबीआई मोहनगढ़ के ब्रांच मैनेजर प्यारेलाल ने बैंक खातों की केवाईसी प्रक्रिया को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बंद खातों की केवाईसी करवाने पर जोर देते हुए सभी खाताधारकों से समय पर दस्तावेज अपडेट कराने की अपील की। शिविर में एसबीआई नेहड़ाई के ब्रांच मैनेजर संजय चौधरी, क्रिसिल फाउंडेशन के फील्ड कोर्डिनेटर नागेश तथा बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

वित्तीय साक्षरता शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में बैंकिंग जागरूकता, साइबर सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिससे लोगों को सुरक्षित और सशक्त वित्तीय जीवन की दिशा में प्रेरणा मिल सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story