जहां आज के समय में जन्मदिन समारोह अक्सर उत्सव और औपचारिक आयोजनों तक सीमित रह जाते हैं, वहीं भानु सेवा संस्थान की उप इकाई दव के सक्रिय सदस्य एवं युवा समाजसेवी धर्माराम वानर ने अपने जन्मदिवस को पर्यावरण और समाज सेवा के नाम समर्पित कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के तहत बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा क्षेत्र स्थित एक्सिस एनर्जी कार्यालय परिसर में धर्माराम वानर द्वारा विभिन्न प्रजातियों के 25 पौधों के गमले लगाए गए। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण और प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।

जानकारी के अनुसार, संस्थान के संरक्षक दमाराम गोगली ने बताया कि धर्माराम वानर सामाजिक और पर्यावरणीय कार्यों में निरंतर सक्रिय रहते हैं। इससे पूर्व भी वे भानु सेवा संस्थान की उप इकाई दव द्वारा संचालित “हर घर एक परिंडा” अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं, जिसके अंतर्गत गर्मी के मौसम में बेजुबान पक्षियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था की गई थी।

कार्यक्रम के दौरान एक्सिस एनर्जी के यूनिट हेड महेंद्र शर्मा ने जन्मदिन के उपलक्ष्य में केक मंगवाकर धर्माराम वानर से केक कटवाया और उपस्थित सभी लोगों का मुंह मीठा कराया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण, पक्षियों और आवारा पशुओं की सेवा ही सच्चे अर्थों में मानव सेवा है।

इस अवसर पर लेखाकार छोटू सिंह, अक्षय कुमार, चेतन सिंह, संदीप, लक्ष्मण, सद्दाम खान, निहालदीन खान सहित एक्सिस एनर्जी के अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया। यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश बनकर उभरा, बल्कि इसने यह भी स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत खुशियों को यदि प्रकृति और समाज सेवा से जोड़ा जाए तो उनका प्रभाव और अधिक व्यापक हो जाता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story