जैसलमेर। सीमांत जिले जैसलमेर में समाज सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए आर्ट ऑफ गिविंग अभियान के तहत राजस्थान राज्य समन्वयक हरीश कुमार राठौड़ ने गांव-गांव पहुंचकर अनाथ, जरूरतमंद एवं पिछड़े बच्चों के बीच खुशियां बांटी। इस वर्ष “शेयर टू शाइन” थीम के अंतर्गत आयोजित अभियान के जरिए उन्होंने लोगों को एक-दूसरे की सहायता करने, पशु-पक्षियों की रक्षा करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया।

अभियान के दौरान हरीश कुमार राठौड़ ग्रामीण स्कूलों, चौपालों और लोगों के घरों तक पहुंचे तथा बच्चों और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए उन्हें आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बच्चों को स्टेशनरी सामग्री, फल एवं अन्य उपयोगी वस्तुएं वितरित की गईं, जिससे बच्चों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।



राठौड़ ने कहा कि आर्ट ऑफ गिविंग केवल एक संस्था और अभियान नहीं, बल्कि मानवता को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी जरूरतमंद की सहायता करता है, उसे थोड़ा समय देता है या कठिन परिस्थितियों में उसके साथ खड़ा रहता है, तो यही सच्चे इंसान होने का सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने लोगों से जीवनभर इंसानों के साथ-साथ मूक प्राणी पशु-पक्षियों की सेवा करने का भी आह्वान किया।

जैसलमेर जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने भानु सेवा संस्थान की उप इकाई दव द्वारा संचालित “हर घर परिंडा अभियान” की सराहना की। इस दौरान उन्होंने पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने की अपील की तथा पक्षियों के लिए परिंडे भी वितरित किए। इसके साथ ही गांवों और स्कूलों में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया तथा स्कूलों में कचरापात्र वितरित कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के तहत खुशी ग्राम विकास एवं शिक्षण संस्थान कबीर बस्ती द्वारा संचालित एमकेजी मेमोरियल स्कूल कबीर बस्ती एवं राउमावि कबीर बस्ती में आयोजित गतिविधियों के दौरान बच्चों को आर्ट ऑफ गिविंग के संस्थापक अच्युत सामंत के कार्यों की जानकारी दी गई। बताया गया कि अच्युत सामंत प्रतिवर्ष देशभर में यह अभियान संचालित करते हैं तथा उनकी कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस में लगभग 40 हजार बच्चे निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। संस्थान में बच्चों को भोजन और आवास की सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।

इस अवसर पर एमकेजी संस्था प्रधान मनोहर लाल, प्रधानाचार्य शिवलाल सिंह, रमेश कुमार, गुणेशा राम, छगन सिंह, विमला कुमारी, सुमन कुमारी और शेलेंद्र कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए हरीश कुमार राठौड़ का आभार व्यक्त किया तथा समाज में आर्ट ऑफ गिविंग की भावना को आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story