पंचायती राज चुनाव 2026: 41 जिला परिषदों में जिला प्रमुखों के आरक्षण की लॉटरी पूरी
राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 के लिए 41 जिला परिषदों में जिला प्रमुख पदों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी हुई।

तस्वीर में जयपुर के इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान में जिला प्रमुख पदों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया के दौरान बच्चे लॉटरी बॉक्स से पर्ची निकालते हुए और मंच पर बैठे अधिकारी नजर आ रहे हैं।
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत गुरुवार को जयपुर स्थित इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान में राजस्थान की सभी 41 जिला परिषदों के जिला प्रमुख पदों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। शासन सचिव एवं आयुक्त, पंचायती राज विभाग डॉ. जोगाराम की अध्यक्षता में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लॉटरी के माध्यम से जिला प्रमुख पदों का श्रेणीवार आरक्षण तय किया गया।
निर्धारित आरक्षण एवं रोटेशन व्यवस्था के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 5 जिला प्रमुख पद आरक्षित किए गए। इनमें ब्यावर एवं सीकर में महिला जिला प्रमुख का पद आरक्षित हुआ।
अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के लिए 8 पद आरक्षित किए गए। इनमें दौसा, भरतपुर, टोंक एवं धौलपुर में महिला जिला प्रमुख का पद निर्धारित किया गया। वहीं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए 7 पद आरक्षित किए गए, जिनमें सलूम्बर, प्रतापगढ़ एवं अलवर में महिला जिला प्रमुख का पद आरक्षित हुआ।
सामान्य महिला के लिए चूरू, अजमेर, झुंझुनू, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़, डीग, श्रीगंगानगर, झालावाड़, फलोदी, बीकानेर एवं कोटा जिला परिषदों के जिला प्रमुख पद निर्धारित किए गए।
वहीं बारां, बाड़मेर, भीलवाड़ा, जयपुर, जोधपुर, करौली, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, सिरोही एवं उदयपुर जिला परिषदों के जिला प्रमुख पद अनारक्षित रहे।
शासन सचिव डॉ. जोगाराम ने कहा कि लॉटरी प्रक्रिया में आरक्षण के निर्धारित प्रावधानों एवं रोटेशन व्यवस्था का पूर्णतः पालन करते हुए जिला प्रमुखों के पदों का श्रेणीवार निर्धारण किया गया है। उन्होंने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव में सामान्य, ओबीसी, एससी एवं एसटी सभी श्रेणियों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान लागू रहेगा।
डॉ. जोगाराम ने कहा कि पूरी लॉटरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप संपन्न कराई गई। प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि इसका संपूर्ण रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
लॉटरी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अधिकारीगण, पत्रकार एवं आमजन उपस्थित रहे। जिला प्रमुखों के आरक्षण की लॉटरी संपन्न होने के साथ ही पंचायती राज संस्थाओं के आगामी आम चुनाव की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है।
आरक्षण प्रक्रिया के बाद चुनाव संबंधी आगामी कार्रवाई राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी। लॉटरी प्रक्रिया के दौरान श्री भारत भूषण गोयल, उप शासन सचिव तथा श्री रामचंद्र सैनी, सहायक आयुक्त, पंचायती राज विभाग सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
