रविवार सायं करीब सवा 7 बजे रेलवे सुरक्षा बल थाने के समीप बने रेलवे पार्थ वे को पार करने के दौरान अहमदाबाद-ऋषिकेश योगा एक्सप्रेस (19031) की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल थाने के सहायक उप निरीक्षक कन्हैयालाल मीना तथा राजकीय रेलवे पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक आलोक कान्त मय दल मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल रोगी वाहन की सहायता से राजकीय अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान क्रिस्टीना रोज पत्नी विल फ्रेंङ मार्टिन (70), निवासी चर्च कंपाउंड के रूप में हुई है। सोमवार को अन्त्य परीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। राजकीय रेलवे पुलिस ने अजमेर स्थित थाने में मर्ग दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के चलते योगा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 22 मिनट की देरी से गंतव्य के लिए रवाना हुई, जिससे यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। यह हादसा रेलवे पार्थ वे पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की गंभीर आवश्यकता को एक बार फिर रेखांकित करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story