ब्रिटिश पार्लियामेंट में येदिता शर्मा को आईआईडब्ल्यू शी इन्सपायर्स अवार्ड
राजस्थान की 9 वर्षीया येदिता शर्मा को कला और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान हेतु ब्रिटिश संसद में सांसद रूथ कैडबरी ने सम्मानित किया।

लंदन स्थित ब्रिटिश पार्लियामेंट में आयोजित समारोह के दौरान आईआईडब्ल्यू शी इन्सपायर्स अवार्ड प्राप्त करने के बाद ट्रॉफी के साथ खुशी व्यक्त करती येदिता शर्मा।
राजस्थान की प्रतिभा ने एक बार फिर सात समंदर पार अपनी सफलता का परचम लहराया है। गंगापुर सिटी के पारस शर्मा और जयपुर स्थित लाल कोठी की रिचा शर्मा की सुपुत्री, मात्र 9 वर्षीया येदिता शर्मा को लंदन स्थित ब्रिटिश पार्लियामेंट में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान प्रतिष्ठित 'आईआईडब्ल्यू शी इन्सपायर्स अवार्ड' से नवाजा गया है। येदिता को यह सम्मान संगीत, कला, नाटक और मीडिया के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान हेतु 'ब्राइट आर्टिस्ट' श्रेणी के अंतर्गत प्रदान किया गया। हाउस ऑफ कॉमंस में लेबर पार्टी की सांसद रूथ कैडबरी (ब्रेंटवफोर्ड एंड आइजलवर्थ) ने येदिता को सम्मानित करते हुए उनके अनुकरणीय कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की।
लंदन स्थित संस्था 'इन्सपायरिंग इंडियन वूमन' (आईआईडब्ल्यू) प्रवासी भारतीय महिलाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने, उनके व्यक्तित्व विकास और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए समर्पित है। येदिता को यह गौरवपूर्ण उपलब्धि उनके चैरिटी कार्यों और विदेशों में भारतीय संस्कृति के निरंतर प्रचार-प्रसार के लिए प्राप्त हुई है। वे वर्तमान में ब्रिटिश बच्चों, विशेषकर प्रवासी भारतीय मूल के बच्चों के बीच भारतीय कला एवं संस्कृति की अलख जगा रही हैं। इसके अतिरिक्त, वे अभावग्रस्त बच्चों के लिए मोबाइल और साझा लाइब्रेरी के माध्यम से ज्ञान एवं डेटा की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही हैं, ताकि उनकी पहुंच भी अन्य बच्चों के समान संसाधनों तक बनी रहे।
शास्त्रीय नृत्य के क्षेत्र में पूर्व में भी कई पुरस्कार जीत चुकीं येदिता की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए येदिता ने भविष्य में भी समाज सेवा और सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प दोहराया है। येदिता की ननिहाल लाल कोठी में इस समय उत्सव का माहौल है और उनकी दादी चंदा देवी ने इस मिशन का श्रेय परिवार द्वारा दिए गए संस्कारों को दिया है। आईआईडब्ल्यू की फाउंडर सीईओ रश्मि मिश्रा और डायरेक्टर शिप्रा ने भी येदिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह वैश्विक गौरव न केवल उनके परिवार, बल्कि गंगापुर सिटी, जयपुर और संपूर्ण राजस्थान के लिए गौरव का विषय बन गया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
