एशियन गेम्स-2026 में रजत जीतने वाले रेलकर्मी यशवीर सिंह का महाप्रबंधक ने किया अभिनंदन
उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के टिकट क्लर्क यशवीर सिंह ने एशियन गेम्स की जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता में 85.71 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्यालय में महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने एशियन गेम्स में रजत पदक जीतने वाले जेवलिन थ्रोअर यशवीर सिंह का गुरुवार को अभिनंदन किया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में वाणिज्य सह टिकट क्लर्क के पद पर कार्यरत प्रतिभावान खिलाड़ी यशवीर सिंह ने 20वें एशियन गेम्स, आइची-नागोया 2026, जापान में पुरुष जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल कर देश और भारतीय रेलवे का गौरव बढ़ाया है। जेवलिन थ्रो में 85.71 मीटर का शानदार प्रदर्शन कर यशवीर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन का परिचय दिया।
इस उपलब्धि के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने गुरुवार, दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को यशवीर सिंह का अभिनंदन किया। महाप्रबंधक श्री पंकज शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यशवीर सिंह की इस उपलब्धि से देश के साथ-साथ उत्तर पश्चिम रेलवे का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
उल्लेखनीय है कि यशवीर सिंह ने इसी वर्ष कॉमनवेल्थ गेम्स, ग्लासगो 2026 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया था। इस प्रकार वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय स्तर की बड़ी प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया है।
यशवीर सिंह की एशियन गेम्स-2026 में रजत पदक की उपलब्धि के अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ के पदाधिकारीगण सहित मुख्यालय के अधिकारीगण उपस्थित रहे। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार पदक हासिल करने वाले रेलकर्मी की इस उपलब्धि को उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा गया

