जयपुर, 30 जून 2026। ऐतिहासिक यमुना जल समझौते के उपरांत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर आगमन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अगुवाई में शेखावाटी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और हजारों कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक और भव्य स्वागत-अभिनंदन किया। जयपुर एयरपोर्ट से लेकर कनोडिया कॉलेज, रामबाग सर्किल, भाजपा प्रदेश कार्यालय और मुख्यमंत्री निवास तक उमड़े जनसमूह ने मुख्यमंत्री पर पुष्पवर्षा कर और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन के साथ अपना उत्साह प्रदर्शित किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में शेखावाटी के लोक कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार ने यमुना जल परियोजना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और रिकॉर्ड समय में इस बड़ी उपलब्धि को हासिल किया। उन्होंने बताया कि सरकार गठन के उपरांत 17 फरवरी 2024 को संयुक्त टास्क फोर्स का गठन कर डीपीआर तैयार की गई, जिसके परिणामस्वरूप 29 जून 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की उपस्थिति में राजस्थान एवं हरियाणा के बीच यह महत्वपूर्ण समझौता संपन्न हुआ। 34 हजार करोड़ रुपए की इस महत्वाकांक्षी योजना से तीन विशाल पाइपलाइनों के जरिए पानी शेखावाटी क्षेत्र सहित प्रदेश के एक बड़े हिस्से तक पहुंचेगा, जिससे वर्षों से जल संकट से जूझ रहे किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में दिए गए अपने संकल्प “हम करते जाएंगे, आप देखते जाएंगे” को दोहराते हुए कहा कि सरकार आज अपने वादों को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यमुना का पानी आने से शेखावाटी की धरती हरियाली से आच्छादित होगी, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, पर्यटन को नई गति मिलेगी और रोजगार के अनगिनत अवसर सृजित होंगे। कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों तक शासन करने के बावजूद कांग्रेस ने इस परियोजना को कभी गंभीरता से नहीं लिया और केवल शिलान्यास व घोषणाओं से जनता को भ्रमित किया। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि भाजपा आलू से सोना बनाने का दावा नहीं करती, लेकिन यह सुनिश्चित करती है कि पानी मिलने से शेखावाटी की धरती अवश्य सोना उगलेगी। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं की तुलना उन बैंडबाजों से की जो बजते तो बहुत हैं लेकिन समझ में कुछ नहीं आता। साथ ही उन्होंने शेखावाटी की 600 से अधिक हवेलियों के संरक्षण और पर्यटन विकास की प्रतिबद्धता भी दोहराई। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्रियों शाह व पाटिल तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मुख्यमंत्री को आधुनिक भागीरथ बताते हुए कहा कि वर्ष 1992 से लंबित यह सपना अब साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता गहलोत, डोटासरा और जूली यदि चाहें तो इन विशाल पाइपलाइनों में ट्रक भी चला सकते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि यदि वे चाहते तो आज स्वागत कर इतिहास रच सकते थे, लेकिन वे वादों पर कभी खरे नहीं उतरे। यह परियोजना शेखावाटी के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, राजेंद्र राठौड़, सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, मुकेश दाधीच, छगन माहुर, सरिता गैना, श्रवण सिंह बगडी, कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, डॉ. मिथिलेश गौतम, नारायण मीणा, अजीत मॉडण, एकता अग्रवाल, डॉ. अपूर्वा सिंह, सीताराम पोसवाल सहित अनेक मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story