पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र की शासी परिषद की बैठक में लुप्त होती दृश्य और प्रदर्शन कलाओं के संरक्षण तथा उन्हें वैश्विक मंच दिलाने पर विशेष जोर दिया गया। यह बैठक गोवा में आयोजित की गई, जिसमें राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने पारंपरिक लोककलाओं के संरक्षण, दस्तावेजीकरण और उन्हें रोजगार से जोड़ने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

बैठक में गोवा के राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू भी उपस्थित रहे। इस दौरान पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र की गतिविधियों की समीक्षा की गई और आंचलिक कलाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में ठोस रणनीति अपनाने पर चर्चा हुई।

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि राजस्थान, महाराष्ट्र, गोवा, दमन-दीव और गुजरात की लोककलाओं का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण किया जाना आवश्यक है, ताकि इन धरोहरों को संरक्षित करते हुए कलाकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि आधुनिक वस्त्रों, घरेलू सज्जा और वैश्विक कला बाजार में इन कलाओं की पहचान स्थापित करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि कलाकारों की कला को वैश्विक मंच प्रदान करने और बाजार से जोड़ने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाए। इसके लिए आंचलिक कलाओं की विपणन संभावनाओं को बढ़ाने और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2026 तक पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र द्वारा 114 कोर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे 5,961 कलाकार लाभान्वित हुए। साथ ही यह भी बताया गया कि शिल्पग्राम के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है और वहां आने वाले आगंतुकों की संख्या में प्रतिवर्ष लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की जा रही है।

यह बैठक सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और उन्हें आधुनिक वैश्विक मंच से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है, जिससे पारंपरिक कलाओं को नई पहचान और नई संभावनाएं मिलने की उम्मीद जताई गई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story