06 मार्च 2026, जयपुर। युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से माय भारत राजस्थान, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026” कार्यक्रम आज जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम माननीय प्रधानमंत्री के उस विजन से प्रेरित है, जिसमें उन्होंने एक लाख 'गैर-राजनीतिक' पृष्ठभूमि वाले युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए आगे आने का आह्वान किया है।

कार्यक्रम का विस्तार और चयन प्रक्रिया

कार्यक्रम की शुरुआत में श्री प्रदीप कुमार, सहायक निदेशक, माय भारत राजस्थान ने बताया कि युवा संसद कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2019 में हुई थी। पिछले संस्करण में यह देश के 300 नोडल जिलों में आयोजित किया गया था, जबकि इस वर्ष इसका विस्तार देश के प्रत्येक जिले तक किया गया है। राजस्थान के सभी 41 जिलों में 'माय भारत' एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सहयोग से इसका सफल आयोजन किया गया है। जिला स्तर पर कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद प्रत्येक जिले से 5-5 विजेताओं का चयन किया गया। 41 जिलों से कुल 205 युवा प्रतिनिधियों ने आज राज्य स्तरीय कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर भारतीय युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना” रहा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से चयनित शीर्ष तीन विजेता राष्ट्रीय स्तर पर संसद नई दिल्ली में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मुख्य अतिथि कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ का उद्बोधन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, माननीय, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री, राजस्थान सरकार ने युवाओं के साथ अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि "राजनीतिक जीवन में आने के लिए 'संवेदनशीलता' सबसे महत्वपूर्ण मानदंड है।" उन्होंने जोर दिया कि युवाओं की सक्रियता ही देश की लोकतांत्रिक जड़ों को मजबूत करेगी। माननीय मंत्री जी ने विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं से संवाद भी किया, युवाओं के प्रश्न सुने और उनके जवाब देते हुए आशीर्वचन देकर युवाओं को न केवल प्रोत्साहित किया बल्कि उनके विचारों को नई दिशा प्रदान की।

युवा मौलिकता और राष्ट्र के प्रति दृष्टिकोण

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. नीरज के. पवन, शासन सचिव, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग, राजस्थान सरकार ने कहा कि "युवाओं में मौलिक सोच और भिन्न दृष्टिकोण रखने की अद्भुत क्षमता होती है।" उन्होंने कहा "युवा मौलिकता के संवाहक हैं। राष्ट्र के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखकर ही युवा देश को अग्रणी बना सकते हैं।" राजस्थान के विभिन्न कोनों से आए युवा प्रतिनिधियों ने अपनी अभिव्यक्ति के माध्यम से यह संदेश दिया कि 'विकसित भारत 2047' का सपना युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और कर्तव्यनिष्ठा से ही साकार होगा।

विकसित भारत 2047 के लिए युवाओं का संकल्प

प्रतिभागियों ने केंद्रीय बजट 2026 को भविष्य की रूपरेखा बताते हुए कहा कि "विकसित भारत का निर्माण केवल सदन के पटल पर नहीं, बल्कि प्रयोगशालाओं, स्टार्टअप्स और नवाचार केंद्रों में होगा।" वक्ताओं ने सेमीकंडक्टर मिशन, ए.आई. फॉर इंडिया, खेलो इंडिया और डिजिटल नवाचार जैसी पहलों को रोजगार सृजक बनने की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भारत को तकनीक का केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि निर्माता बनना होगा। कार्यक्रम में देर शाम तक 150 युवाओं ने अपना भाषण पूर्ण कर लिया था। संपूर्ण 205 युवाओं की अभिव्यक्ति के बाद देर रात को अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। विजेता रहे 3 युवा प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

गरिमामय उपस्थिति

कार्यक्रम के दौरान श्री एस पी भटनागर, क्षेत्रीय निदेशक, राष्ट्रीय सेवा योजना, राजस्थान, श्री राजेश चौधरी, उपनिदेशक, सुश्री रितु रानी, उपनिदेशक, नेहा कांवट, जिला युवा अधिकारी और जयेश मीणा, जिला युवा अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story