जयपुर में शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित योगदान और सामाजिक सेवा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में वैशाली नगर स्थित अवधपुरी ब्राइट बिगिनिंग्स न्यू डॉन वेलफेयर फाउंडेशन की अकादमिक कोऑर्डिनेटर वीणा देवरा को सम्मानित किया गया। संस्था की संस्थापक एवं निदेशक ज्योति महाजन ने उन्हें पिछले एक वर्ष से किए जा रहे समर्पित शैक्षणिक योगदान एवं सेवाओं के लिए सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के प्रशासनिक अधिकारी अखिलेश पारीक ने वीणा देवरा को प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान ज्योति महाजन ने अखिलेश पारीक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में अखिलेश पारीक ने बच्चों को संबोधित करते हुए जीवन और करियर में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को निरंतर सीखने, मेहनत करने और अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने की दिशा में प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर ज्योति महाजन ने बच्चों को मिठाई वितरित की। उन्होंने बताया कि संस्था जल्द ही महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े कई नए प्रकल्प शुरू करने जा रही है। इन प्रकल्पों के माध्यम से संस्था अपनी सेवाओं का विस्तार करने की तैयारी कर रही है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार बाबू अंसारी ने भी वीणा देवरा एवं अखिलेश पारीक को शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने बच्चों को दीपावली की हार्दिक बधाई दी।

कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, सम्मान और सामाजिक सेवा का संदेश दिया गया। इसका उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के साथ शैक्षणिक क्षेत्र में समर्पित योगदान देने वालों के कार्यों को सम्मानित करना रहा। कार्यक्रम में यह संदेश उभरकर सामने आया कि शिक्षा से भविष्य संवरता है, सम्मान से सेवा को प्रोत्साहन मिलता है और समाज के सामूहिक सहयोग से बदलाव की नई राह बनती है।

Next Story