वीबी जी राम जी योजना से गांवों को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिया विकास का रोडमैप
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीबी जी राम जी योजना की समीक्षा कर सभी विभागों को ग्रामीण विकास का ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए, जानिए बैठक के अहम फैसले।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गांवों के विकास से ही देश और प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रारम्भ की गई वीबी जी राम जी योजना विकसित भारत 2047 की मजबूत आधारशिला बनेगी। इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी के साथ-साथ गांवों में बुनियादी विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को वीबी जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रदेश के ग्रामीण विकास का समग्र ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने वाले स्थायी और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में वीबी जी राम जी योजना महत्वपूर्ण और प्रभावी भूमिका निभाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। साथ ही, कार्यों की मैपिंग, रिकॉर्ड संधारण तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक कार्य में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे और प्रभावी सोशल ऑडिट संभव हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत होने वाले सभी कार्य स्थानीय आवश्यकताओं और ग्रामीणों की प्राथमिकताओं के अनुरूप होने चाहिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी विभागों को प्रत्येक जिले के लिए अलग-अलग कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रदेश का कोई भी पात्र ग्रामीण परिवार इसके लाभ से वंचित न रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि वीबी जी राम जी योजना में श्रम नियोजन (लेबर डिप्लोयमेंट) के मामले में राजस्थान देशभर में पहले स्थान पर है। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों और स्थायी विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर गांवों को सशक्त बनाया जाएगा, जिससे विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
